रात 8 बजे से पहले निपटा लें यह काम.. नहीं तो बिहार के बिजली उपभोक्ताओं को लग सकता है बड़ा झटका
बिहार के करोड़ों घरों में आज रात अंधेरा छा सकता है. इससे बचने के लिए अपने स्मार्ट मीटर को कैसे तैयार करें नीचे पढ़ें..

Published : June 27, 2026 at 12:12 PM IST
पटना: बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है. नेटवर्क मेंटेनेंस के कारण राज्य में बिजली विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाएं 27 जून रात 8:00 बजे से 28 जून रात 8:00 बजे तक 24 घंटे के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेंगी. ऐसे में स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को पहले से रिचार्ज कराने और जरूरी ऑनलाइन काम समय रहते पूरा करने की सलाह दी गई है.
24 घंटे बंद रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं: बिजली कंपनियों के अनुसार, मेंटेनेंस कार्य के दौरान ऑनलाइन बिल भुगतान, स्मार्ट प्रीपेड मीटर रिचार्ज, नया बिजली कनेक्शन, लोड बढ़ाने या घटाने, नाम परिवर्तन, बिल सुधार समेत सभी डिजिटल उपभोक्ता सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी. इस अवधि में उपभोक्ता किसी भी प्रकार का ऑनलाइन आवेदन भी नहीं कर सकेंगे. हालांकि इस अवधि में यदि रिचार्ज खत्म होता है तो बिजली नहीं कटेगी और बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहेगी.
किया जा रहा नेटवर्क और सॉफ्टवेयर अपग्रेड: इससे पहले 6 जून को भी सर्वर मेंटेनेंस के लिए कुछ घंटे के लिए स्मार्ट मीटर बंद हुआ था. नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) की ओर से बताया गया है कि नेटवर्क और सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन का कार्य किया जा रहा है. इसका उद्देश्य भविष्य में उपभोक्ताओं को अधिक तेज, सुरक्षित और आधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है.
पर्याप्त बैलेंस सुनिश्चित करने की अपील: बिजली विभाग ने विशेष रूप से स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने मीटर में पर्याप्त बैलेंस सुनिश्चित कर लें. ऐसा नहीं करने पर सेवा बंद रहने की अवधि में रिचार्ज संभव नहीं होगा और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
पीक ऑवर के दौरान बढ़ीं शिकायतों की संख्या: इधर, गर्मी और बढ़ते लोड के कारण कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज उड़ने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं. बिजली अधिकारियों का कहना है कि पीक ऑवर के दौरान शिकायतों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे कॉल सेंटर की लाइनें व्यस्त रहती हैं. विभाग का दावा है कि शिकायत निवारण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह अस्थायी असुविधा भविष्य में बेहतर डिजिटल सुविधाओं के लिए जरूरी है. उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि वे बिल भुगतान, रिचार्ज और अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
ये भी पढ़ें
बिहार में बिजली दिन में रहेगी सस्ती.. शाम में होगी महंगी.. रात का रेट भी जान लीजिए
बिहार में स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी, 41 उपभोक्ताओं पर FIR दर्ज

