ETV Bharat / state

दोस्त ने ही दोस्त की ली जान, 8 दिन बाद मिला था कंकाल, जानिए क्यों की हत्या?

वारदात 5 नवंबर को चंगेरी पुल के पास हुई, नहर के पास एक व्यक्ति का नर कंकाल, कपड़े-चप्पल मिलने पर पुलिस ने लगाई टीम.

Photo Credit; ETV Bharat
हथौड़े से पीटकर की युवक की हुई थी हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 3:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़: जिले में ऑनलाइन लूडो गेम पर लगाए गए पैसों को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. हरदुआगंज थाना क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हत्या की ये वारदात 5 नवंबर 2025 को चंगेरी पुल के पास हुई थी और 13 नवंबर को कंकाल मिला था.

एसपी ग्रामीण अमृत जैन के अनुसार, हरदुआगंज क्षेत्र के नगरिया भूड़ निवासी दिनेश कुमार उर्फ अबनू 5 नवंबर को अपनी बाइक से सेवायोजन कार्यालय जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी तलाश के बाद हरदुआगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई. इसके बाद 13 नवंबर को चंगेरी नहर के पास एक व्यक्ति का नर कंकाल, कपड़े और चप्पल मिला था.

अमृत जैन, एसपी ग्रामीण, अलीगढ़ (Video Credit; ETV Bharat)

दोस्त निकला कातिल: एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि पुलिस ने शिनाख्त कराई तो कंकाल दिनेश कुमार का निकला. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल टीम गठित की. जांच के दौरान मृतक की बाइक मई गांव के जंगल में घास-फूस के बीच छिपी हुई बरामद हुई. तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिनेश के दोस्त विष्णु (30) पुत्र विजयपाल सिंह निवासी दौलतपुर थाना हरदुआगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की. विष्णु ने हत्या की बात कबूल कर ली.

लूडो गेम पर पैसे लगा खेलते थे जुआ: पूछताछ में विष्णु ने बताया कि वह और दिनेश ऑनलाइन लूडो गेम पर पैसे लगाकर जुआ खेलते थे. पहले चरण में उसने दिनेश से करीब 7 हजार रुपये जीते थे, लेकिन दिनेश पैसे देने से टालमटोल करने लगा और अपशब्द बोले फिर धमकी देने लगा. 3 नवंबर 2025 को एक बार फिर लूडो पर जुआ खेला गया, जिसमें दिनेश 10 हजार रुपये और हार गया. इसके बाद कुल 17 हजार रुपये की रकम को लेकर विवाद बढ़ गया.

विष्णु ने पुलिस को बताया कि पैसे न मिलने और अपमान से वह गुस्से में आ गया. इसी आक्रोश में उसने चंगेरी पुल के पास दिनेश के सिर पर बसौली और हथौड़े से कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने शव को नहर के पास फेंक दिया और दिनेश की मोटरसाइकिल को मई गांव के जंगल में अस्थाई नहर के पास छिपा दिया. एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का खुलासा; शादी का झांसा देकर करते थे लूट और चोरी, तीन महिला समेत पांच गिरफ्तार