हाईटेक ऑनलाइन जुआ-सट्टा गिरोह मामला: आरोपियों से मिलीभगत का आरोपी कांस्टेबल बर्खास्त
आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कांस्टेबल प्रभुराम कोली को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया.

Published : May 5, 2026 at 7:13 PM IST
सिरोही: जिले के रेवदर थाना क्षेत्र में दिसंबर 2025 में खेत पर किराए के मकान से संचालित किए जा रहे हाईटेक ऑनलाइन जुआ-सट्टा गिरोह के भंडाफोड़ मामले में अब पुलिस विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. मामले की गहन विभागीय जांच में पुलिस कांस्टेबल प्रभुराम कोली की संदिग्ध भूमिका और आरोपियों से मिलीभगत सामने आने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही पुष्पेंद्र सिंह ने उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया है.
एसपी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में कांस्टेबल प्रभुराम कोली की भूमिका संदिग्ध पाई गई तथा आरोपियों को संरक्षण देने और सूचनाएं लीक करने जैसे तथ्य सामने आए. आरोपों की पुष्टि होने पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभुराम कोली को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया. कार्रवाई के बाद यह आरोप सामने आए थे कि स्थानीय स्तर पर कुछ पुलिसकर्मियों की शह के बिना इतने बड़े नेटवर्क का संचालन संभव नहीं था. इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह के निर्देश पर विभागीय जांच शुरू की गई थी.
पढ़ें: कोटा: जुआ सट्टा चलाने वाले अपराधियों से सांठगांठ के आरोप में एसएचओ पवन मीणा निलंबित
दिसंबर 2025 में रेवदर पुलिस और साइबर टीम ने खेत पर बने किराए के मकान पर देर रात दबिश दी थी. वहां अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित ऑनलाइन जुआ-सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ था. मौके से कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जो गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के विभिन्न जिलों से जुड़े हुए थे. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 लैपटॉप, 43 मोबाइल फोन, वाई-फाई डोंगल, चार्जर, 23 कैलकुलेटर, सट्टे की पर्चियां, हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज और 47930 रुपए नकद बरामद किए थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड और किराए के एकांत स्थानों का उपयोग कर रात के समय ऑनलाइन सट्टा संचालन करते थे.

