दुर्ग में फिर ऑनलाइन सट्टा पर पुलिस का एक्शन, ऐप से सट्टा खिलाने वाला युवक गिरफ्तार
ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार किया गया. जिसके पास से लैपटॉप और आईफोन जैसे कीमती सामान मिले हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : April 27, 2026 at 8:43 PM IST
दुर्ग: जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में छावनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल ऐप के जरिए लोगों से सट्टा खिलवा रहा था. पुलिस ने मौके से लाखों रुपए के कीमती सामान भी जब्त किए हैं.
पुलिस ने दी दबिश
मामला दुर्ग के छावनी थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैम्प-2 बैकुंठ धाम के पास एक युवक ऑनलाइन ऐप के जरिए सट्टा संचालित कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान पाशा के रूप में हुई है.
लैपटॉप-मोबाइल जब्त
पुलिस ने उसके कब्जे से एक क्रेटा कार, डेल कंपनी का लैपटॉप, आईफोन 16 प्रो मैक्स समेत कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है.
'गुरु 777' ऐप से खिला रहा था सट्टा
जांच में सामने आया है कि आरोपी ‘गुरु 777’ नामक ऐप के जरिए लोगों को सट्टा खिलवाता था और हार-जीत पर अवैध तरीके से पैसा कमाता था. यह पूरा नेटवर्क ऑनलाइन संचालित हो रहा था, जिससे बड़ी संख्या में लोग जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस अवैध सट्टा कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

