CUET UG 2026: देश की टॉप 10 में शामिल 5 संस्थानों में मिल रहा प्रवेश
सीयूईटी परीक्षा के जरिए 48 सेंट्रल, 35 स्टेट, 26 डीम्ड व 103 प्राइवेट यूनिवर्सिटी के यूजी कोर्सेज में प्रवेश मिल सकेगा.

Published : January 7, 2026 at 6:18 PM IST
कोटा: देश के बड़े और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) करवा रही है. परीक्षा के लिए 30 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन आधिकारिक वेबसाइट पर लिए जा रहे हैं. इस परीक्षा के जरिए देश के 212 विश्वविद्यालयों के यूजी कोर्सेज में एडमिशन मिलेगा. इसके अलावा 6 बड़े केंद्रीय संस्थानों के देशभर में स्थित कैंपस में भी प्रवेश मिलेगा.
सीयूईटी के एक्सपर्ट कमल सिंह चौहान ने बताया कि परीक्षा से 48 सेंट्रल, 35 स्टेट, 26 डीम्ड व 103 प्राइवेट यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिलेगा. 6 केंद्रीय संस्थानों के 20 से ज्यादा कैंपस में प्रवेश मिलेगा. इन सभी यूनिवर्सिटी व संस्थाओं में लगभग 5 लाख विद्यार्थी एडमिशन लेते हैं. परीक्षा के जरिए जिन बड़ी यूनिवर्सिटी प्रवेश ऑफर कर रही हैं, उन्हें नेशनल इंस्टीट्यूशन रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) में अच्छा स्थान मिला है. अधिकांश टॉप 100 में एक दर्जन से ज्यादा शामिल यूनिवर्सिटियां हैं. वहीं, टॉप 20 में शामिल 8 यूनिवर्सिटी या संस्थानों में प्रवेश सीयूईटी यूजी के जरिए मिल रहा है.
पढ़ें: CUET UG 2026: ऑनलाइन आवेदन शुरू, 30 जनवरी तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन, 31 तक जमा होगा शुल्क
एक्सपर्ट चौहान ने बताया कि एडमिशन देने वाली यूनिवर्सिटी की लिस्ट में एनआईआरएफ टॉप टेन में शामिल पांच विश्वविद्यालय हैं. इसमें देश की राजधानी दिल्ली में स्थित तीन बड़े विश्वविद्यालय जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी, जामिया मिलिया इस्लामिया और दिल्ली यूनिवर्सिटी शामिल हैं. इसके बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय व अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी भी टॉप 10 में शामिल हैं. इसके बाद यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में भी प्रवेश सीयूईटी यूजी से मिल रहा है. सेंट्रल यूनिवर्सिटी में लगभग सभी राज्यों में स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी शामिल हैं, जिनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू, झारखंड, कर्नाटक, कश्मीर, केरल, उड़ीसा, पंजाब, बिहार व तमिलनाडु शामिल हैं. स्टेट यूनिवर्सिटी में जम्मू, लद्दाख, डिब्रूगढ़ यूनिवर्सिटी (असम), डॉ. बीआर अंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स यूनिवर्सिटी (बेंगलुरू) व सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ पुलिस, सिक्योरिटी एंड क्रिमिनल जस्टिस (जोधपुर, राजस्थान) शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: एडवांस एग्जाम सिटी इनफॉरमेशन स्लिप जारी, परीक्षा की तारीख में हुआ बदलाव
ICAR के बीटेक कोर्स में भी प्रवेश: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के देश भर में 10 से ज्यादा संस्थान स्थित हैं, जहां पर यूजी कोर्सेज करवाए जाते हैं. इनमें एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर, फॉरेस्ट्री, कम्युनिटी साइंस, फूड न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स, सेरीकल्चर, नेचुरल फार्मिंग, एग्री बिजनेस मैनेजमेंट, फिशरीज, बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, डेयरी टेक्नोलॉजी व फूड टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी सहित कई कोर्सेज में प्रवेश मिलता है. इन कोर्सेस में प्रवेश भी सीयूईटी यूजी के जरिए ही दिया जा रहा है. आईसीएआर की एनआईआरएफ रैंकिंग 16वीं है.
FDDI से डिजाइनिंग कोर्स: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन आने वाली फुटवियर डिजाइनिंग एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI) के देश में 12 कैंपस हैं. यहां पर बैचलर ऑफ डिजाइन और बीबीए के कोर्सेज करवाए जाते हैं. इनमें स्पेशलाइजेशन फुटवियर डिजाइन, प्रोडक्शन, फैशन डिजाइनिंग, लाइफस्टाइल प्रोडक्ट डिजाइन, फैशन और रिटेल मर्चेंडाइज की पढ़ाई करवाई जाती है. कैंपस नोएडा, फुरसतगंज (रायबरेली), चेन्नई, कोलकाता, रोहतक, छिंदवाड़ा, गुना, अंकलेश्वर, जोधपुर, बनूर, पटना और हैदराबाद में हैं.
टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट में बीबीए: एक्सपर्ट कमल सिंह चौहान ने बताया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (IITTM) के देश भर में पांच कैंपस हैं, जिनमें ग्वालियर हेड क्वार्टर है. इसके अलावा भुवनेश्वर, नोएडा, गोवा और नेल्लोर में कोर्स करवाए जाते हैं. यहां पर टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट में यूजी में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) कोर्स करवाया जाता है. इसी तरह से गर्ल्स को गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन, परेड ग्राउंड, जम्मू में एडमिशन भी सीयूईटी यूजी के जरिए मिलेगा.
NFSU से पढ़ सकते हैं फॉरेंसिक साइंस: नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) में फॉरेंसिक साइंस में बीएससी की डिग्री करवाई जाती है. इसके अलावा बीएससी प्लस एमएससी की डुएल डिग्री कोर्सेज भी यहां पर होते हैं. इनमें क्रिमिनोलॉजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स व बायोलॉजी की पढ़ाई करवाई जाती है. क्राइम साइंस के इन्वेस्टिगेशन के तरीके भी यहां समझाए जाते हैं. एनएफएसयू का हेड क्वार्टर गांधीनगर में है, जबकि दिल्ली, गोवा, त्रिपुरा, भोपाल, पुणे, गुवाहाटी, मणिपुर और धारवाड़ के साथ भुवनेश्वर में कैंपस हैं. इसी तरह से राजीव गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ पैट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी), अमेठी कैंपस में एडमिशन सीयूईटी यूजी से ही दिया जा रहा है.
टॉप 20 रैंक में शामिल ये संस्थान दे रहे हैं CUET UG से एडमिशन :
| यूनिवर्सिटी | NIRF रैंक |
| जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) | 2 |
| दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) | 4 |
| जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) | 3 |
| बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) | 5 |
| अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) | 10 |
| इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ एग्रीकल्चर रिसर्च (ICAR) | 16 |
| यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद (UOH) | 18 |
| चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (CU) | 19 |

