ETV Bharat / state

दरा घाटी में ट्रक-ट्रेलर की भिड़ंत में एक चालक की मौत, NH 52 पर रेंग कर चल रहे ट्रैफिक में फंसे वाहन

दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है. मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश भी शुरू की गई है.

हादसे में बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे में बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 23, 2026 at 10:24 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा : नेशनल हाईवे 52 पर दरा घाटी में मजार के नजदीक रविवार देर रात भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. एक ट्रक व कंटेनर की आमने-सामने की भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई है. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कंटेनर चालक केबिन में बुरी तरह से फंस गया, जिसे निकालने में ही डेढ़ घंटे लग गए. दूसरी तरफ नेशनल हाईवे 52 पूरी तरह से जाम लग गया था, जिसे खुलवाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी.

कनवास थाना अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि दुर्घटना रात में 12:30 बजे मजार के नजदीक हुई है. इसमें कोटा की तरफ से जा रहे कंटेनर और झालावाड़ की तरफ से आ रहे ट्रक में टक्कर हुई है. दुर्घटना के बाद करीब 2 घंटे तक नेशनल हाईवे बंद रहा. इसकी सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी. हालांकि तत्काल दुर्घटना के बाद जाम लग गया, जिसमें दोनों तरफ पांच-पांच किलोमीटर तक वाहन खड़े हो गए. पूरे थाने के जाप्ते को ट्रैफिक व्यवस्था में लगाया गया है. अभी भी पूरा जाप्ता मौके पर ही ट्रैफिक को देख रहा है.

पढ़ें. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खौफनाक हादसा: डंपर से टकराकर ट्रेलर में लगी आग, केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जला

कनवास थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर सतीश सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद वे मौके पर पहुंच गए थे. दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि दोनों ट्रक आगे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं. कंटेनर चालक केबिन में ही फंसा हुआ था, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और केबिन की फाटक को तोड़कर उसे निकाला गया. उसके दोनों पैर स्टेयरिंग के नीचे फंस गए थे. करीब 2 बजे उसे निकाल कर 108 एंबुलेंस से मंडाना अस्पताल भेजा गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. झालावाड़ की तरफ से आ रहे ट्रक का चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया था.

पढ़ें. बड़ा हादसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराकर उड़े कार के परखच्चे, UP के 4 युवकों की मौत

एएसआई सतीश सिंह ने बताया कि कोटा से जा रहे कंटेनर में परचून का सामान था, जबकि झालावाड़ की तरफ से आ रहे ट्रक में बोरियों में पुरानी केवल भरी हुई थी. दोनों वाहनों को भारी क्रेन की मदद से रात में ढाई बजे के आसपास हटाया गया, जिसके बाद रास्ता चालू हुआ, लेकिन जाम जैसे हालात बने हुए हैं. करीब 10 घंटे से दरा घाटी में धीरे-धीरे रेंग कर ही ट्रैफिक चल रहा है. दुर्घटना में मृत चालक की पहचान भी देर रात को यहां से गुजर रहे दूसरे ट्रक चालक फैयाज ने की थी.

पढ़ें. तेज रफ्तार का कहर: अलवर में कार ने मारी दो भाइयों को टक्कर...एक ने मौके पर तोड़ा दम

फैयाज का कहना था कि यह उन्हीं की कंपनी का ट्रक चलाने वाला गाजीपुर जिले का निवासी जमील है. ऐसे में उसके मालिक से इसकी पुष्टि भी हो गई है, शव को मंडाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम व अन्य कार्रवाई होगी. दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है. वहीं, मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश भी शुरू की गई है.