दिल्ली: शास्त्री पार्क गोलीकांड में घायल ने भी तोड़ा दम, दो मौसेरे भाइयों की मौत से इलाके में मातम
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक कैलाश नगर के रहने वाले हैं, पुलिस के अनुसार मृतक और घायल आपस में मौसेरे भाई हैं.

Published : October 17, 2025 at 9:54 AM IST
नई दिल्ली: राजधानी के उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है. शास्त्री पार्क इलाके में हुई गोलीबारी में घायल युवक नदीम की भी जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इस वारदात में गुरुवार रात ही उसके मौसेरे भाई उमाम उर्फ उभम की मौके पर ही मौत हो गई थी. दोनों की मौत से कैलाश नगर इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है
शास्त्री पार्क इलाके में बीती रात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि उसका मौसी का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है.
VIDEO | One dead and another critically injured after two youths were shot in Delhi's Shastri Park.
— Press Trust of India (@PTI_News) October 17, 2025
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvqRQz) pic.twitter.com/YkccrtKF7C
मामला शास्त्री पार्क चौक के पास ABCD ब्लॉक सर्विस रोड का है. जहां देर रात करीब बारह बजे एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान उमाम उर्फ उभम (25) निवासी कैलाश नगर के रूप में हुई है.
इसी बीच पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि फल मंडी के पास एक घायल युवक पड़ा है. पुलिस ने घायल को तुरंत जेपीसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया. घायल की पहचान नदीम (27) निवासी कैलाश नगर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार मृतक और घायल आपस में मौसेरे भाई हैं.
बताया जा रहा है कि दोनों देर रात किसी काम से निकले थे तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी. पुलिस को आशंका है कि वारदात किसी पुराने रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है.
डीसीपी नॉर्थ ईस्ट आशीष मिश्रा ने बताया कि शास्त्री पार्क थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को तैनात किया गया है.
घटना के बाद परिजनों का बयान
मृतक के पिता मोहम्मद मियां ने बताया कि उनका बेटा अपने मौसी के लड़के के साथ शास्त्री पार्क में रिश्तेदार से मिलने गई मां को लाने के लिए गया था. इसी दौरान किसी ने उन्हें गोली मार दी.
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाने के बावजूद बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में सख्त निगरानी की मांग की है.
करावल नगर में वकील के दोस्त पर चली थी गोली
यह घटनाएं ऐसे समय पर हुई हैं जब नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली पहले से ही आपराधिक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में है. इससे पहले बीते दिन गुरूवार को करावल नगर इलाके में एक वकील के दोस्त पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चला दी थीं. वहीं बुधवार को करावल नगर के ही एक नाले से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था.
इसी हफ्ते की शुरूआत में सोमवार को थाना नंद नगरी क्षेत्र में एक महिला की चाकू मारकर हत्या से हुई थी. लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी है और दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के नंद नगरी में 20 वर्षीय लड़की की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
ये भी पढ़ें- पत्नी मांग रही थी तलाक, पति ने मना किया तो प्रेमी संग मिलकर कर दी हत्या, पढ़िए गाजियाबाद की खौफनाक कहानी

