बंबर ठाकुर फायरिंग केस: मुख्य शूटर को एक साल बाद हिमाचल लाई पुलिस, कोर्ट में किया पेश
बंबर ठाकुर गोलीकांड के मुख्य शूटर अमन को आज कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने आरोपी को रिमांड पर भेजा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 2:08 PM IST
बिलासपुर: बंबर ठाकुर पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को शनिवार को बिलासपुर कोर्ट में पेश किया गया. मुख्य आरोपी अमन करीब एक वर्ष से अधिक समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पुलिस ने मामले की आगामी जांच और पूछताछ के लिए आरोपी को रिमांड पर लेने की मांग की थी.
एसपी संदीप धवल ने कहा कि कोर्ट ने अमन को एक दिन के रिमांड पर भेजा है. मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है. बता दें कि 2025 में बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक पर कुछ शूटर्स ने फायरिंग कर दी थी. इसमें बंबर ठाकुर और उनके बॉडी गार्ड को गोली लगी थी और दोनों घायल हो गए. गोलीबारी के बाद शूटर्स मौके से फरार हो गए थे. 14 मार्च 2025 को हुए गोलीकांड मामले में आखिरकार पुलिस ने एक साल बाद मुख्य शूटर अमन को रोहतक से हिमाचल लाया है. उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिलासपुर लाया गया.
करीब एक वर्ष से फरार चल रहे अमन की गिरफ्तारी को इस हाई प्रोफाइल मामले में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. एक साल से वह लगातार ठिकाने बदलकर जांच एजेंसियों को चकमा दे रहा था. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन कुछ दिन पहले हरियाणा के रोहतक में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में अमन घायल हुआ था. प्राथमिक उपचार के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बिलासपुर पुलिस उसे हिमाचल ले आई. अमन पेशेवर अपराधी है आपाराधिक वारदातों को अंजाम देने में माहिर रहा है. पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से न केवल इस केस की कड़ियां जुड़ेंगी बल्कि गैंग के नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है. शूटर सागर, बॉवी, अजय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. इसे मामले में सौरभ उर्फ फांदी, कुलदीप भी सलाखों के पीछे हैं.

