70 पद.. 17 से 26 हजार तक सैलरी... बिहार में जॉब कैंप का आयोजन
बिहार के नवादा में युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका है. विभिन्न कंपनियों में 17 से 26 हजार रुपये तक सैलरी की नौकरी मिलेगी.

Published : May 23, 2026 at 1:35 PM IST
नवादा: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है. जिला नियोजन पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन ने बताया कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा की ओर से 23 मई 2026 को एकदिवसीय रोजगार कैंप आयोजित किया गया है.
नवादा में रोजगार कैंप: यह कैंप संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई), नवादा परिसर में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक लगेगा. कैंप में मशीन ऑपरेटर एवं असेंबली लाइन ऑपरेटर के 50 पदों और एसबीआई इंश्योरेंस कंपनी लि. द्वारा लाइफ मित्र के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी.
कौन कर सकता है आवेदन?: टू कॉमस कंसल्टेंसी के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं या आईटीआई निर्धारित की गई है, जबकि एसबीआई इंश्योरेंस के लिए 10वीं या 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. कंपनी द्वारा मशीन ऑपरेटर पद के लिए ₹17,000 से ₹26,000 तक वेतन दिया जाएगा, जबकि लाइफ मित्र पद पर कमीशन आधारित आय की व्यवस्था है.
जॉब के लिए निर्धारित आयु सीमा: आयु सीमा की बात करें तो टू कॉमस कंसल्टेंसी के लिए 18 से 38 वर्ष और एसबीआई इंश्योरेंस के लिए 18 से 60 वर्ष निर्धारित की गई है. चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल टू कॉमस के लिए नोएडा और बेंगलुरु तथा एसबीआई इंश्योरेंस के लिए नवादा रहेगा.
एनसीएस पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य: इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा के साथ कैंप स्थल पर उपस्थित होना होगा. साथ ही केवल वही अभ्यर्थी कैंप में भाग ले सकेंगे जो एनसीएस पोर्टल पर निबंधित हैं. जो अभ्यर्थी अभी तक निबंधित नहीं हैं, वे पोर्टल पर या जिला नियोजनालय, नवादा में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं.
"सभी नियोजक निजी क्षेत्र के हैं और नियुक्ति से संबंधित शर्तों के लिए संबंधित कंपनियां स्वयं जिम्मेदार होंगी, जबकि नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका निभाएगा. ऐसे में नवादा के युवाओं के लिए यह कैंप रोजगार पाने का बेहतर मौका है, जिसका अधिक से अधिक लाभ उठायें".- सुनील कुमार सुमन, जिला नियोजन पदाधिकारी
ये भी पढ़ें
अब 100 की जगह 125 दिन मिलेगा काम: 1 जुलाई से VB-G RAM G अधिनियम लागू, अधिसूचना जारी
EXPLAINER: झारग्राम में पीएम मोदी का झालमुड़ी दांव बिहार में 'हिट', जानिए कितना है टर्नओवर

