कौशांबी में निर्माणाधीन मकान में हत्या का खुलासा; पैसों के लेन-देन में किया कत्ल, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल व दस्तावेज बरामद किया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 11:03 PM IST
कौशाम्बी : थाना मंझनपुर पुलिस ने समदा क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में शव मिलने के मामले में खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने मृतक से उधारी पैसा लिया था. पैसा वापस न देना पड़े इसलिये आरोपी ने हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल व दस्तावेज बरामद करने का दावा किया है.
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि 25 अगस्त 2026 की सुबह थाना मंझनपुर क्षेत्र में राम वनगमन मार्ग के किनारे एक निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी. मृतक की शिनाख्त समदा निवासी शकील अहमद के रूप में हुई थी.
थाना मंझनपुर अन्तर्गत हुई हत्या की घटना से सम्बन्धित अभियुक्त की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री सत्यनारायण की वीडियो बाईट ।#UPPolice#kaushambipolice pic.twitter.com/Y995bhueVG
— KAUSHAMBI POLICE (@kaushambipolice) August 28, 2026
परिजनों के अनुसार, शकील 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे अपने भाई की दवा लेने मंझनपुर गया था, जिसके बाद से वह लापता था और उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मुकदमा दर्ज कर तीन टीमों का गठन किया.
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को समदा निवासी मोहम्मद कदीम को गिरफ्तार किया. आरोपी की निशानदेही पर मृतक का टूटा हुआ मोबाइल, पर्स और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है.
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी कदीम ने बताया कि उसने शकील अहमद से एक लाख 10 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे. शकील ब्याज सहित कुल दो लाख 75 हजार रुपये मांग रहा था और लगातार दबाव बना रहा था. कर्ज चुकाने से बचने के लिए कदीम ने शकील को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
24 अगस्त की रात 10 बजे उसने पैसे देने के बहाने शकील को घनश्यामपुर चौराहा बुलाया और निर्माणाधीन मकान में ले जाकर मौका पाते ही चाकू और ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

