कोटा और न्यू कोटा स्टेशन डेवलपमेंट कार्य में देरी पर बिरला ने जताई नाराजगी, बोले, '1 साल की देरी चिंताजनक'
ओम बिरला ने कहा कि मार्च 2026 तक न्यू कोटा स्टेशन और दिसंबर 2026 तक कोटा जंक्शन का काम पूरा हो जाएगा.

Published : February 28, 2026 at 9:02 PM IST
कोटा: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोटा दौरे पर हैं. उन्होंने शनिवार को कोटा रेल मंडल और संसदीय क्षेत्र कोटा–बूंदी के रेल सुविधाओं को लेकर डीआरएम ऑफिस में रेलवे के उच्च अधिकारियों के साथ चर्चा की. इस दौरान बैठक में बिरला ने कोटा जंक्शन और न्यू कोटा स्टेशन के काम में देरी पर नाराजगी जताई. साथ ही रेलवे स्टेशनों पर पर्याप्त साफ–सफाई रखने के निर्देश दिए. बिरला ने कोटा जंक्शन और न्यू कोटा री-डेवलपमेंट के कार्य पर भी समीक्षा की. उन्होंने हर एक फैक्ट पर काफी देर तक बातचीत की.
इस दौरान बिरला ने समय से काम पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई. उन्होंने यह भी कहा कि एक काम पर 1 साल की देरी हो जाना चिंताजनक है. ऐसे में जल्दी काम पूरा करवाने के लिए निर्देशित किया. रेलवे के अधिकारियों को मॉनिटरिंग बढ़ाने के लिए कहा. बिरला ने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मार्च 2026 तक न्यू कोटा स्टेशन का काम पूरा हो जाएगा. वहीं दिसंबर 2026 तक कोटा जंक्शन का काम पूरा हो जाएगा. इसके बाद यह विश्व स्तरीय स्टेशन बन जाएंगे. यात्रि सुविधाओं के लिए एक बेहतर रेलवे स्टेशन होंगे. कोटा जंक्शन का काम 207 करोड़ और न्यू कोटा का 132 करोड़ से कराया जा रहा है.
पढ़ें: लोकसभा स्पीकर बिरला बोले, 'हम अहंकारी नेता नहीं, हमारे लिए चुनाव से ऊपर विकास'
बिरला ने कहा कि कोटा रेल मंडल के छोटे से बड़े स्टेशन पर यात्री सुविधा पूरी होनी चाहिए. संसदीय क्षेत्र के जितने भी रेलवे स्टेशन हैं, वहां विस्तार से लेकर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था हो. कई घंटे यात्री इंतजार करते हैं और ग्रामीण क्षेत्र के स्टेशनों पर ऐसा अक्सर होता है. इसीलिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था हो और सभी सुविधाएं भी उन्हें मिलनी चाहिए. बिरला ने कहा कि रेलवे की माल ढुलाई सस्ती पड़ती है. ट्रक की एक्सीडेंट की घटनाएं होती हैं. ऐसे में हम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा माल की ढुलाई रेलवे से हो.

