अकलतरा में नींव खुदाई के दौरान मिला साल 1818 का सिक्का और विष्णु लक्ष्मी की मूर्ति
अकलतरा क्षेत्र के परसाही बाना गांव में खुदाई के दौरान मिला सिक्का और मूर्ति की चर्चा तेज हो गई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : September 2, 2026 at 1:32 PM IST
जांजगीर चांपा: अकलतरा थाना क्षेत्र के परसाही बाना गांव में नींव खुदाई के दौरान भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की मूर्ति और 1818 का सिक्का निकला है. इसकी सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस ने मूर्ति और सिक्का को अपने कब्जे में ले लिया है. एसडीएम के जरिए पुरातत्व विभाग को सूचना देने की तैयारी है.
नींव खुदाई के दौरान मिला सिक्का और मूर्ति
एडिशनल एसपी डॉ. युलेडन यार्क ने बताया कि मामला 29 अगस्त का है. परसाही बाना गांव के सम्पत कंवर का घर बनाने के लिए नींव खुदाई की जा रही थी, तभी 1818 का हनुमान छाप सिक्का और लक्ष्मी जी के साथ विष्णु जी की मूर्ति मिली. अकलतरा पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है.
सिक्के के साथ मूर्ति की आयु और किस धातु से निर्मित है, उसका पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है-डॉ. युलेडन यार्क,एडिशनल एसपी
पुरातत्व विभाग को सौंपने की तैयारी
थाना अकलतरा के अंतर्गत परसाही गांव है. 29 अगस्त को ये सूचना मिली की संपत कंवर अपने घर का निर्माण करा रहे थे. खुदाई के दौरान मूर्ति और सिक्का मिला. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. फिर पुलिस ने विधिवत जप्ती की. राजस्व विभाग के जरिए पुरातत्व विभाग को सौंपने की तैयारी है. प्रथम दृष्टया ये बताया जा रहा है कि मूर्ति संभवत: अष्ट धातु या कोई कीमती धातु है. वहीं जो सिक्का मिला है, वो ब्रिटिश जमाने का हो सकता है और वो भी कीमती धातु हो सकती है.
लोगों में इस बात की चर्चा भी है कि जिस जमीन पर खुदाई हुई, वहां पर बैगा और जमीन के मालिक ही थे. पूजा अर्चना के बाद बैगा ने खुदाई शुरू की और जमीन के अंदर से सिक्का मिला. यह 1818 का एक आना है, जिसमें ईस्ट इण्डिया कम्पनी यूके लिखा है और पीछे हनुमान जी की प्रतिमा बनी हुई है.
वहीं एक साथ विष्णु जी और लक्ष्मी जी की मूर्ति बनी है. इस मूर्ति के लिए बैगा और सम्पत के बीच विवाद हुआ और बैगा मूर्ति को लेने की जिद करने लगा. फिर यह मामला अकलतरा पुलिस के पास पहुंचा. हालांकि अकलतरा पुलिस नींव खुदाई से मिलने का दावा कर रही है. वहीं सम्पत कंवर और उसका परिवार इस मामले में किसी से कुछ भी कहने से बच रहा है.

