10वीं और 12वीं परीक्षा में धनबाद को पहले स्थान पर लाने की कोशिश, अधिकारियों ने छात्रों को दिए मूलमंत्र
धनबाद में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा देने वाले बच्चों के लिए प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित कर सफल बच्चों को प्रोत्साहित किया गया.

Published : January 10, 2026 at 8:50 PM IST
धनबाद: सरकारी विद्यालय के बच्चे भी मैट्रिक और इंटर में बेहतर कर सकें और धनबाद जिले को राज्य भर में अव्वल स्थान पर ला सकें, इसी कोशिश में धनबाद जिला प्रशासन जुटा है. इस साल के बोर्ड एग्जाम में जिले को 13वें रैंक से रैंक 1 पर लाने का लक्ष्य साधा गया है. लक्ष्य को पाना बच्चों के उम्दा प्रदर्शन से ही मुमकिन है. इसे लेकर ही पिछले दिसंबर माह में डीसी आदित्य रंजन के दिशा निर्देश पर जिले में प्री बोर्ड परीक्षा-1 आयोजित की गई थी.
10वीं और 12वीं के हजारों बच्चे प्री बोर्ड परीक्षा में हुए शामिल
प्री बोर्ड परीक्षा में 143 स्कूलों से दसवीं के करीब 24 हजार और 38 प्लस-2 स्कूलों से 12वीं के करीब 15 हजार बच्चों ने भाग लिया. जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले 691 बच्चों को टाउन हॉल में आयोजित पुरस्कार सह सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया. साथ ही बच्चों से यह आशा और उम्मीद भी की गई कि आने वाले फरवरी महीने में शुरू हो रहे मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में बेहतर अंक लाकर जिले का नाम रोशन करें.
अधिकारियों ने दिए छात्रों को मूलमंत्र
समारोह में डीसी, एसएसपी, डीडीसी, नगर आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा परीक्षा में बेहतर करने के जरूरी टिप्स भी बच्चों को दिए गए. एसएसपी धनबाद प्रभात कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों को पढ़ाई के क्षेत्र में बेहतर करने के लिए कई लोगों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है. प्री बोर्ड परीक्षा बच्चों में परीक्षा को लेकर एक झिझक को दूर करने का सबसे अच्छा प्रयास है. बच्चों को इसका काफी फायदा मिलेगा.
वहीं बच्चे परीक्षाओं में बेहतर कर सकें, उन्हें प्रेरित करने के लिए धनबाद के उपायुक्त ने एक निर्णय भी लिया है. डीसी ने कहा कि इस साल (2026) बोर्ड एग्जाम में अच्छे अंकों से पास होने वाले जिले के लगभग 30 बच्चों का चयन किया जाएगा. जिसके बाद उन बच्चों को पूरे झारखंड भ्रमण के साथ-साथ देश का भी भ्रमण कराया जायेगा.
बोर्ड परीक्षा में झिझक दूर करने के लिए ली गई प्री बोर्ड परीक्षा
जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने बताया कि बच्चे परीक्षाओं में अच्छा करें, उनके अंदर की झिझक दूर हो, इन्हीं उद्देश्य को लेकर प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित की जा रही है. कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले बच्चों ने कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए काफी यादगार रहा, कार्यक्रम के दौरान छात्रों को पदाधिकारियों से काफी कुछ सीखने को मिला. बच्चों ने कहा कि परीक्षा में बेहतर करने के लिए जो मूल बातों का ध्यान रखना जरूरी है, उन बातों को समझने और जानने का अवसर मिला है.
दूसरी प्री बोर्ड परीक्षा 15 जनवरी को होगी आयोजित
मैट्रिक की परीक्षा अगले माह फरवरी में होने वाली है. बच्चों की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन 15 जनवरी से सैकेंड प्री बोर्ड परीक्षा भी शुरू करने जा रही है. जिसका मकसद जिन बच्चों में अभी भी बोर्ड परीक्षा को लेकर झिझक रह गया है या किसी प्रकार की गलती उनसे हुई है तो वह उस गलती को सुधार सकें. साथ ही आने वाले बोर्ड परीक्षा में बेहतर कर सकें. जिला प्रशासन की इस पहल से न सिर्फ बच्चे परीक्षाओं में बेहतर कर पाएंगे, बल्कि सरकारी और निजी विद्यालय के अंतर को भी कम किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें: झारखंड में बदलने जा रहा परीक्षा पैटर्न! मैट्रिक की तर्ज पर होगी आठवीं, नौवीं और 11वीं की मुख्य परीक्षाएं
CBSE बोर्ड का फैसला: 2026 से 10वीं की परीक्षा साल में दो बार, झारखंड के शिक्षकों और छात्रों ने सराहा

