ETV Bharat / state

सपोटरा डांग क्षेत्र के 66 गांव अब होंगे रोशन, 'ऑफ-ग्रिड रूफटॉप सोलर' योजना में किया गया शामिल

सपोटरा के 66 गांवों सहित पूरे करौली जिले के कुल 109 गांवों को इस योजना के तहत शामिल किया गया है.

सपोटरा विधायक हंसराज बालौती
सपोटरा विधायक हंसराज बालौती (Rajasthan Vidhansabha)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 25, 2026 at 12:08 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

करौली : जिले के सपोटरा डांग क्षेत्र में 66 गांव आज भी बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं. सपोटरा विधायक हंसराज बालौती ने विधानसभा में ये मुद्दा उठाया था. ऐसे में अब ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. इन गांवों को अब 'ऑफ-ग्रिड रूफटॉप सोलर' योजना के माध्यम से रोशन किया जाएगा. इन गांवों का मुद्दा पूर्व में ईटीवी भारत ने भी प्रमुखता से उठाया था.

राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही के दौरान अनुदान भाग संख्या 54 (ऊर्जा विभाग) पर चर्चा चल रही थी. इसी दौरान सपोटरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हंसराज बालौती ने डांग क्षेत्र के 66 गांवों में वर्षों से लंबित बिजली की समस्या को पूरे तथ्यों और मजबूती के साथ सदन के पटल पर रखा. उन्होंने सरकार का ध्यान इस दुर्गम इलाके में रहने वाले उन परिवारों की तरफ खींचा, जो आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं.

पढ़ें. आजादी के 78 साल बाद राजस्थान के एक गांव को मिली बिजली

सदन में उठाए गए इस अहम मुद्दे पर ऊर्जा मंत्री ने सकारात्मक जवाब देते हुए क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया. मंत्री ने सदन को जानकारी दी कि सपोटरा के 66 गांवों सहित पूरे करौली जिले के कुल 109 गांवों को इस योजना के तहत शामिल किया गया है. इन गांवों के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है. बिजली से लाभान्वित होने वाले 9,015 परिवारों का सफलतापूर्वक चिह्निकरण भी कर लिया गया है.

REC को भेजा गया प्रस्ताव, जल्द मिलेगी स्वीकृति : ऊर्जा मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इन सभी 109 विद्युत विहीन गांवों को रोशन करने के लिए 'ऑफ-ग्रिड रूफटॉप सोलर' योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है. इस प्रस्ताव को Rural Electrification Corporation को वित्तीय और तकनीकी स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है. वहां से अनुमोदन प्राप्त होने पर, इन गांवों को विद्युत सुविधा से जोड़ने का काम शुरू कर दिया जाएगा.