ETV Bharat / state

बिहार में वर्दी फिर हुई शर्मसार, डांसर संग दारोगा का आपत्तिजनक वीडियो वायरल

बक्सर में तैनात एक एसआई का डांसर संग अश्लील हरकत करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है. इस मामले को एसपी ने गंभीर बताया है-

डांसर संग अश्लील हरकत करने वाला दारोगा
डांसर संग अश्लील हरकत करने वाला दारोगा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 25, 2026 at 11:24 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बक्सर : बिहार के बक्सर में एक बार फिर वर्दी शर्मसार हुई है. बक्सर के बगेल थाने में तैनात एसआई का अश्लील वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख राह है कि SI मनीष कुमार महिला डांसर संग आपत्तिजनक हरकत कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई. एसपी शुभम आर्य ने जांच के आदेश देकर कार्रवाई के संकेत दिए हैं.

होली से पहले वर्दी पर दाग : वीडियो सामने आने के बाद न सिर्फ आम जनता बल्कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी सकते में आ गए हैं. जिस पुलिस पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है, उसी वर्दीवाले की ओछी हरकत से पुलिस की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है.

गाने पर अश्लील हुए दारोगा जी : वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दारोगा मनीष कुमार एक महिला डांसर के साथ आपत्तिजनक हरकत कर रहे हैं. उसके ठुमके पर रुपए लुटा रहे हैं. दारोगा जी का चेहरा देखकर लग रहा है कि वह पूरा मूड बनाकर आए हैं. हैरानी की बात यह है कि इस दौरान वो अपने ओहदे की मर्यादा भी भूल गए. बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी निजी कार्यक्रम का है, हालांकि यह वीडियो कहां और किस परिस्थिति में बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.

महकमे में खलबली : इस पूरे मामले ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है, खासकर ऐसे समय में जब होली जैसे बड़े त्योहार को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. एसपी स्तर से लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे में खुद एक दारोगा द्वारा इस तरह की हरकत करना विभाग के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति मानी जा रही है.

क्या कहते हैं पुलिस कप्तान? : मामले को लेकर बक्सर के पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने सख्त रुख अपनाया है. फोन पर बातचीत में उन्होंने ईटीवी भारत संवाददाता से कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, तत्काल इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वीडियो की सत्यता, स्थान और परिस्थितियों की पूरी जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपी जाए. एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित दारोगा के खिलाफ कठोर से कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

"जैसे ही मामला संज्ञान में आया इसकी तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वीडियो की सत्यता, स्थान और परिस्थिति की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपे. आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दारोगा के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी."- शुभम आर्य, एसपी, बक्सर

पुलिस की जांच पर नजर : गौरतलब है कि बिहार पुलिस की छवि को सुधारने और जनता के बीच विश्वास कायम रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. ऐसे में इस तरह के वीडियो सामने आने से न सिर्फ विभाग की साख को ठेस पहुंचती है, बल्कि आम लोगों के मन में पुलिस के प्रति नकारात्मक संदेश भी जाता है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद बिहार पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और दोषी पाए जाने पर कितनी सख्ती दिखाई जाती है.

ये भी पढ़ें- पटना में चाणक्य लॉ कॉलेज के LLM छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के कमरे में लटका मिला शव