ETV Bharat / state

बरेली में शादी के दो माह बाद नर्सिंग असिस्टेंट ने किया सुसाइड, सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया- पत्नी ने परेशान कर दिया है

पुलिस ने पत्नी, साले, साली और साढ़ू के खिलाफ केस दर्ज किया है. कुलदीप ने बेटे उत्कर्ष के नाम भी संदेश दिया है.

नर्सिंग असिस्टेंट ने किया सुसाइड.
नर्सिंग असिस्टेंट ने किया सुसाइड. (Photo Credit; Bareilly Police)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 4, 2026 at 9:08 PM IST

|

Updated : July 4, 2026 at 11:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली : पत्नी और ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी ने सुसाइड कर लिया. कुलदीप की शादी दो महीने पहले ही हुई थी. यह उसकी दूसरी शादी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी, साले, साली और साढ़ू के खिलाफ कैंट थाने में मामला दर्ज किया गया है. कुलदीप की मौत के बाद उनके वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी और ससुरालवालों को बताया है. कुलदीप ने सुभाषनगर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं थाना सुभाषनगर पर नियुक्त SI रविन्द्र के खिलाफ एसपी सिटी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है.

आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दे रही दबिश. (Video Credit; Police Media cell)

शादी के बाद घर से गायब होने लगे सामान : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुलदीप ने कहा कि उनकी शादी करीब दो महीने पहले गुंजन से हुई थी. शादी के बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह एक सोची-समझी साजिश का शिकार हो गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के बाद उनके घर से नकदी, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान गायब होने लगा.

एक बार पत्नी को 70 हजार रुपये अपनी बहन रीना को देते हुए देखा था. पूछने पर पत्नी ने इसे उधार बताकर टाल दिया. कुलदीप ने वीडियो में आरोप लगाया कि धीरे-धीरे उन्हें यकीन हो गया कि घर में हो रही चोरी के पीछे उनकी पत्नी का हाथ है. जब उन्होंने इस बारे में ससुराल पक्ष से शिकायत की तो उनके साथ विवाद और मारपीट की गई.

साले के खिलाफ 30 जून को की थी शिकायत : वीडियो में कुलदीप ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी के भाई अमित की उनके परिवार की एक महिला सदस्य पर गलत नजर थी. उन्होंने दावा किया कि 30 जून को अश्लील हरकत किए जाने की शिकायत सुभाषनगर थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी और एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

वीडियो के अंत में कुलदीप भावुक हो गए. उन्होंने पहली पत्नी के बेटे उत्कर्ष के नाम संदेश देते हुए कहा, बेटा आई लव यू... बाबा-दादी का ख्याल रखना और जिंदगी में खूब आगे बढ़ना. साथ ही दोस्तों से बेटे का साथ देने की अपील भी की.

ससुराल में मारपीट, झूठे केस में फंसाया : सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि 4 जुलाई को कुलदीप के पिता ने थाना कैंट में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पुत्र को पत्नी और अन्य ससुराल वालों ने ससुराल बुलाकर मारपीट की, प्रताड़ित किया और झूठे मुकदमे में फंसाया. इससे आहत होकर कुलदीप ने सुसाइड कर लिया. आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उन्हें बड़े डाकखाने के पास छोड़कर फरार हो गए.

उन्होंने बताया कि परिजन कुलदीप को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने पिता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जबकि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है.

पुलिस दे रही दबिश : सीओ ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराई जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें : श्रीकृष्ण जन्मस्थान विवाद: सुलह वार्ता में नहीं पहुंचा मुस्लिम पक्ष, हिंदू पक्ष का प्रस्ताव- ब्रज से बाहर बने मस्जिद

Last Updated : July 4, 2026 at 11:03 PM IST