लखनऊ में हॉस्पिटल में नर्स के साथ छेड़छाड़, ज्वानिंग के पहले दिन नाइट ड्यूटी लगाई, विरोध करने पर बनाया बंधक
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. परिजनों ने डॉक्टरों पर भी अभद्रता का आरोप लगाया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 3:24 PM IST
लखनऊ : कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक हास्पिटल के अन्दर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. रात में सो रही नर्स के साथ हॉस्पिटल के स्टाफ ने अश्लील हरकत की. नर्स ने विरोध किया तो आरोपी ने हॉस्पिटल का गेट बंद कर बंधक बना लिया. नर्स ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी.
आरोप है कि परिजन हॉस्पिटल पहुंचे तो स्टाफ ने ताला खोलने से मना कर दिया. काफी कहासुनी के बाद ताला खोला गया. डाक्टर से शिकायत करने गाली गलौज की गई. पीड़िता के परिजनों ने कृष्णा नगर थाने में तहरीर देकर शिकायत की है. पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है.
पहले ही दिन लगा दी नाइट ड्यूटी : पारा के रहने वाले युवक ने बताया, मेरी भांजी ने शनिवार को फिनिक्स मॉल बराबिरवा के पास गजानन हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स के तौर पर ड्यूटी ज्वाइन की थी. उसी दिन ड्यूटी नाइट शिफ्ट रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक लगा दी गई. वह रात 8 बजे गजानन हॉस्पिटल पहुंच कर अपना कार्य कर रही थी. उसके साथ नाइट ड्यूटी पर डॉ. गरिमा भी थीं.
कमरे में घुस कर करने लगा जबरदस्ती : युवती के मामा ने बताया, रात में डॉ. गरिमा ने भांजी से कहा कि आप रेस्ट कर लिजिए अगर कोई पेसेंट आयेगा तो मुझे बता देना मैं आ जाऊंगी. वहां पर कोई पेसेंट एडमिट नहीं था. भांजी कमरे में रेस्ट कर रही थी तभी रात लगभग 11.30 बजे स्टाफ का गोस्वामी नाम का व्यक्ति कमरे में घुस आया और जबरदस्ती करने लगा. किसी तरह मेरी भांजी कमरे से बाहर आई और फोन कर पूरी बात बताई.
आरोपी ने दी धमकी : भांजी ने कहा, मुझे यहां से ले जाओ. भांजी ने यह भी बताया कि गोस्वामी धमकी देने. बोला- घर में बता के तुमने अच्छा नहीं किया. जब हम लोग अस्पताल पहुंचे गेट पर ताला अंदर से बंद था. हम लोगों ने ताला खोलने के लिए कहा, लेकिन ताला नहीं खोला गया. अस्पताल में गोस्वामी के अलावा कोई स्टाफ नहीं था और न ही कोई पेसेंट था.
डॉक्टरों ने की अभद्रता : हम लोगों के अस्पताल पहुंचने के बाद डॉ. गरिमा और डॉ. ताहिर पहुंचे. गोस्वामी की हरकतों के बारे में बताया तो दोनों डॉक्टर लोग हम लोगों से अभद्रता करने लगे. धमकी देते हुए कहा जो करना है कर लो. मैंने फुटेज दिखाने के लिए कहा तो मना कर दिया गया. मेरी भांजी इस घटना से बहुत डरी हुई है.
मामले में कृष्णा नगर थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़िता के मामा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें : आगरा के SN मेडिकल कॉलेज में MBBS के सीनियर छात्रों ने जूनियर को पीटा, मुकदमा दर्ज

