ETV Bharat / state

फरीदाबाद में मिला नूंह के युवक का शव, प्राइवेट कंपनी में करता था काम

फरीदाबाद में संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

YOUTH COMMITS SUICIDE IN FARIDABAD
नूंह निवासी युवक का फरीदाबाद में संदिग्ध अवस्था में मिला शव (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 27, 2026 at 1:48 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद में नूंह निवासी 35 वर्षीय युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिला है. फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र की पाली चौकी अंतर्गत गांव बाजडी में शुक्रवार सुबह आम के एक पेड़ के पास शव मिलने की सूचना मिली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

गाजीपुर में किराये के मकान में रहता था सतीशः जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान 35 वर्षीय सतीश के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से नूंह जिले का रहने वाला था. वह वर्तमान में गाजीपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था और आसपास की किसी निजी कंपनी में कार्यरत था. फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

फरीदाबाद में संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव (Etv Bharat)

सुबह डायल 112 के माध्यम से मिली थी सूचनाः पाली चौकी इंचार्ज राजेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि "आज सुबह लगभग 8 बजे डायल 112 की ईआरवी टीम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति का शव पेड़ के पास मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. आशंका है कि युवक ने खुदकुशी की है. घटनास्थल को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए."

मृतक के परिजनों को दी गई है सूचनाः प्राथमिक जांच में घटना रात की बताई जा रही है. आशंका है कि युवक ने रात के समय खुदकुशी का कदम उठाया. घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है. परिजनों के पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

ये भी पढ़ें-फरीदाबाद में पिता ने पहले बनाया वीडियो फिर तीन बेटियों के साथ की खुदकुशी, दो की हालत गंभीर