ETV Bharat / state

नूंह में शादी में थार पर स्टंट पड़ा भारी, 8 युवकों पर पुलिस की कार्रवाई, दो गाड़ियां जब्त

नूंह पुलिस ने शादी समारोह में थार पर हुड़दंग करने वाले 8 युवकों पर कार्रवाई कर दो वाहन जब्त कर लिए हैं.

Nuh Thar Stunt Case
शादी में थार पर स्टंट पड़ा भारी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 4, 2026 at 10:11 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह: जिला पुलिस ने शादी में वाहनों की छत पर चढ़कर हुड़दंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. पुलिस ने आठ युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल की गई दो थार गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है. ये यातायात नियमों का खुला उल्लंघन हैं.

"सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा": इस पूरे मामले में मीडिया से बातचीत के दौरान फिरोजपुर झिरका के डीएसपी हरदीप सिंह ने कहा कि, "शादी समारोहों और अन्य आयोजनों में कुछ युवा वाहनों की छत पर चढ़कर नाच-गाना और स्टंटबाजी करते हैं, जो न केवल कानून के विरुद्ध है बल्कि उनकी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है. युवाओं को ऐसे कृत्यों से बचते हुए सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए. प्रशासन की नजर लगातार ऐसे मामलों पर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी."

Nuh Thar Stunt Case
नूंह में शादी में थार पर स्टंट (ETV Bharat)

दो थार जब्त: डीएसपी ने आगे बताया कि, "आठ युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126 और 169 के तहत कलंदरा तैयार कर एसडीएम कार्यालय भेजा गया है. वहीं, घटना में इस्तेमाल दो थार वाहनों को जब्त कर लिया गया है. सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर इस तरह का प्रदर्शन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई: जिले में इस तरह की कार्रवाई पहले भी की जा चुकी है. इसकी शुरुआत तावडू सदर थाना क्षेत्र से हुई थी, जहां शादी समारोह से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ मामला दर्ज किया था. इसके बाद नगीना थाना क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया. अब फिरोजपुर झिरका पुलिस ने आठ युवकों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की है.

नूंह में शादी में थार पर स्टंट पड़ा भारी (ETV Bharat)

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: नूंह-मेवात क्षेत्र में शादी समारोहों के दौरान थार और अन्य एसयूवी वाहनों की छत पर चढ़कर फोटोशूट और रील बनाने का चलन बढ़ा है. पुलिस का कहना है कि ऐसे कृत्य दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं. सोशल मीडिया पर सामने आने वाले फोटो और वीडियो पर भी पुलिस लगातार नजर रख रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें:फरीदाबाद में स्कॉर्पियो सवार युवकों का डेंजरस स्टंट, शीशे खोलकर छत पर बैठे, शोर-शराबे के साथ मचाई हुड़दंग