नूंह में हज यात्रियों का टीकाकरण अभियान शुरू, सीएचसी नूंह में लगा पहला शिविर
नूंह में हज 2026 यात्रियों के लिए टीकाकरण शुरू हो गया है. पहले शिविर में 300 हाजियों को वैक्सीन लगी.

Published : February 11, 2026 at 3:34 PM IST
नूंह: जिले में साल 2026 की हज यात्रा के लिए चयनित यात्रियों की तैयारियां तेज हो गई हैं. स्वास्थ्य विभाग ने अनिवार्य टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी है. बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नूंह में पहला शिविर आयोजित किया गया, जिसमें पहली सूची में शामिल लगभग 300 हाजियों का टीकाकरण किया गया. जिले में बड़ी संख्या में हज यात्री होने के कारण अस्पताल परिसर में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली.
"तीन अनिवार्य टीके लगाए जा रहे": शिविर के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. साबिर अहमद ने बताया, “हज यात्रियों को सऊदी अरब सरकार के निर्देशानुसार मेनिन्जाइटिस, इन्फ्लूएंजा और अन्य आवश्यक वैक्सीन लगाई जा रही हैं. यह टीकाकरण पूरी तरह अनिवार्य है. जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर यह अभियान शुरू किया गया है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो."
"निर्धारित तिथियों पर पहुंचे यात्री": डॉ. साबिर अहमद ने जानकारी दी, “गुरुवार को पुनहाना में शिविर लगाया जाएगा, जबकि 13 और 14 फरवरी को जिला सामान्य अस्पताल, मांडीखेड़ा में टीकाकरण होगा. " उन्होंने सभी चयनित यात्रियों से अपील करते हुए कहा, “निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर टीकाकरण अवश्य करवाएं.”
"तीसरी बार हज पर जाना सौभाग्य": हज यात्री मोहम्मद यूसुफ ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मेरा नाम हज सूची में आने से मैं बेहद खुश हूं. यह मेरी तीसरी हज यात्रा होगी, पहली बार मैं 2014 में गया था.खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं." उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा, “डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का पूरा सहयोग मिल रहा है.”
यात्रियों ने जताया संतोष: वहीं, अन्य हज यात्रियों ने भी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “टीकाकरण प्रक्रिया सुव्यवस्थित है और हमें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.” स्वास्थ्य विभाग ने आश्वासन दिया है कि शेष यात्रियों के लिए भी समयबद्ध शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी हज यात्री सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा कर सकें.
ये भी पढ़ें:चाइनीज डोर से करनाल में छात्र की गर्दन कटी, समय पर ऑपरेशन से बची जिंदगी

