नूंह में सरपंचों के खिलाफ आपत्तिजनक गीत पर विवाद थमा, मेवाती सिंगर राहुल ने पंचायत में मांगी माफी
संरपंचों को लेकर विवाद गाने पर मेवाती गायक राहुल ने पंचायत में सामूहिक रूप से माफी मांग ली.

Published : February 11, 2026 at 10:49 PM IST
नूंहः जिले में सरपंचों के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अश्लील भाषा वाले गीत को लेकर उपजा विवाद आखिरकार थम गया. पिनगवां कस्बे में सरपंच एसोसिएशन की ओर से आयोजित पंचायत में मेवाती सिंगर राहुल उर्फ मेवाती ने सरपंच बिरादरी से सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली, जिसके बाद मामला शांत हो गया.
पिनगवां में सार्वजनिक सभा में मेवाती गायक ने मांगी माफीः बताया गया कि सिंगर द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक गीत में सरपंच समुदाय को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर भड़काऊ और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया था. इसे लेकर क्षेत्र के सरपंचों में रोष फैल गया था और पिनगवां थाना क्षेत्र में शिकायत भी दी गई थी. बुधवार को पिनगवां स्थित आरिफ सरपंच तेड़ के बंगले पर क्षेत्र के सरपंचों की पंचायत बुलाई गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सिंगर सार्वजनिक रूप से माफी मांगता है और गीत को सभी प्लेटफार्म से हटाता है तो उसे माफ किया जाएगा.
सोशल मीडिया से विवादित पोस्ट हटाने पर बनी सहमतिः इसके बाद मेवाती सिंगर राहुल पंचायत में पहुंचे और उन्होंने अपने गीत से किसी की भावनाएं आहत होने पर खेद जताया. साथ ही अपने यूट्यूब चैनल से विवादित गाना हटाने का आश्वासन दिया. राहुल की माफी के बाद सरपंचों ने उनके खिलाफ दी गई शिकायत को वापस लेने की घोषणा की. इस दौरान आरिफ सरपंच, इरशाद सरपंच, तौफीक खान, हामिद, असगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. पंचायत के बाद सभी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि विवादित गीत को आगे साझा न किया जाए और आपसी भाईचारा बनाए रखा जाए.

