NTPC ने तपोवन-विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना की टनल पर साफ की स्थिति, कहा रिसाव सामान्य प्रक्रिया
एनटीपीसी के अधिकारी ने कहा कि वायरल वीडियो को लेकर लोगों को किसी तरह की घबराहट या डर की आवश्यकता नहीं है

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 21, 2026 at 4:20 PM IST
चमोली: तपोवन स्थित एनटीपीसी की तपोवन-विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में कार्य सुचारू रूप से चल रहा है. टनल के भीतर पानी के रिसाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एनटीपीसी ने स्थिति स्पष्ट की है.
एनटीपीसी ने टनल में रिसाव को सामान्य प्रक्रिया बताया: अधिकारियों के अनुसार टनल में दिखाई दे रहा हल्का पानी का रिसाव तकनीकी प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है. इसे तकनीकी भाषा में कैविटी कहा जाता है. अधिकारियों ने कहा कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है. एनटीपीसी के नैगम संवाद अधिकारी राजेंद्र सिंह जयाड़ा ने बताया कि-
टनल निर्माण के दौरान इस तरह की छोटी-मोटी तकनीकी परिस्थितियां सामने आती रहती हैं. इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है.
-राजेंद्र सिंह जयाड़ा, संवाद अधिकारी, एनटीपीसी-
टन के अंदर पानी रिसने का वीडियो वायरल हुआ था: 15 अगस्त को वायरल हुए वीडियो में टनल के भीतर पानी दिखाई दे रहा था. उन्होंने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण भी टनल में पानी का रिसाव होना सामान्य है. उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा एनटीपीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
एनटीपीसी ने बताया तत्काल श्रमिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया: कैविटी की जानकारी मिलते ही संबंधित क्षेत्र में काम कर रहे सभी श्रमिकों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया था. सुरक्षा मानकों के तहत क्षेत्र में सतर्कता बरती गई और आवश्यक कार्रवाई की गई. वर्तमान में उच्च दक्षता और विशेष प्रशिक्षण प्राप्त श्रमिकों की देखरेख में कैविटी के ट्रीटमेंट का कार्य तेजी से किया जा रहा है. टनल में निर्माण कार्य लगातार जारी है.
एनटीपीसी ने कहा वायरल वीडियो से डरने की जरूरत नहीं: एनटीपीसी के अधिकारी ने कहा कि वायरल वीडियो को लेकर लोगों को किसी तरह की घबराहट या डर की आवश्यकता नहीं है. परियोजना में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए कार्य किया जा रहा है. श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए टनल का काम आगे बढ़ाया जा रहा है.
चमोली में ही टीएचडीसी की टनल में हो चुका है हादसा: गौरतलब है कि चमोली जिले में ही 13 अगस्त को भीषण टनल हादसा हुआ था. उस हादसे में 10 श्रमिकों की जान चली गई थी. 12 श्रमिक घायल हुए थे. THDC की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलाकोटी जल विद्युत परियोजना की टनल में वो हादसा हुआ था.

