CUET एग्जाम के लिए NTA ने जारी किया नोटिफिकेशन, 30 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे स्टूडेंट्स
देश-प्रदेश की यूनिवर्सिटी में प्रवेश के लिए सीयूईटी के लिए एनटीए ने जारी किया नोटिफिकेशन. आगामी सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आयोजित होगी परीक्षा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 9:09 PM IST
सागर: देश-प्रदेश की सेंट्रल यूनिवर्सिटी, स्टेट यूनिवर्सिटी और कई निजी यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए हर सत्र में होने वाली सीयूईटी परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. आगामी सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ये परीक्षा आयोजित की जाएगी. आगामी 30 जनवरी तक एनटीए की वेबसाइट पर स्टूडेंट्स आवेदन कर सकेंगे. यह नोटिफिकेशन आगामी सत्र के यूजी और पीजी कोर्सेज के एडमिशन के लिए जारी किया गया है. जो स्टूडेंट सागर सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेना चाहते हैं वह सेंट्रल यूनिवर्सिटी के कोर्सेज की जानकारी डॉक्टर हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर की वेबसाइट से ले सकते हैं.
एनटीए ने जारी किया नोटिफिकेशन
आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. इस आधिकारिक वेबसाइट पर स्टूडेंट 30 जनवरी तक अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं और 31 जनवरी तक छात्र अपनी फीस भर सकेंगे. भरे गए आवेदन फार्म में सुधार के लिए 2 फरवरी से 4 फरवरी तक का समय मिलेगा.
फिलहाल एनटीए द्वारा प्रवेश परीक्षा की अंतिम तारीख घोषित नहीं की गई है. स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सीयूईटी एग्जाम 11 से 31 मई के बीच में कराए जाने की बात कही गई है. डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर में यूजी के 18 कोर्सेज में कुल 2398 सीट हैं. सागर यूनिवर्सिटी में प्रवेश के इच्छुक छात्र यूनिवर्सिटी की अधिकारिक बेवसाइट पर सभी जानकारी ले सकते है.


एनटीए की वेबसाइट पर परीक्षा फॉर्म उपलब्ध
सागर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के मीडिया ऑफिसर डॉ विवेक जायसवाल ने बताया कि "डॉ हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सहित देश के कई केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए सीयूईटी द्वारा स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए जो परीक्षा कराई जाती है, उसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. जो विद्यार्थी यूजी और पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहते हैं, वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी एनटीए की वेबसाइट पर परीक्षा फॉर्म भरकर प्रवेश परीक्षा दे सकते हैं. अलग-अलग विषयों के लिए अलग-अलग कोड निर्धारित किए गए हैं."
- क्या फिर होगी नीट यूजी परीक्षा?, रिजल्ट मामला कोर्ट में गरमाया, NTA का बड़ा सुझाव
- NEET यूजी रिजल्ट में बड़ा अपडेट, एमपी हाई कोर्ट ने हटाई रोक, जारी होंगे परिणाम
'यूनिवर्सिटी ने भी यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की मैपिंग की'
डॉ विवेक जायसवाल ने बताया कि "यूनिवर्सिटी ने भी अपने यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की मैपिंग की है. जिसमें आप किसी कोर्स में प्रवेश के लिए विषयों का चयन कर सकते हैं. स्टूडेंट्स एनटीए और विश्वविद्यालय की वेबसाइट का अवलोकन कर जिस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहते हैं, उसके लिए आवेदन कर सकते हैं. निर्धारित तिथि में देश भर में परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षाओं के बाद स्टूडेंट्स जिस विश्वविद्यालय का चयन करना चाहते हैं, उस विश्वविद्यालय के लिए अलग से होने वाली काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करना होता है, जो अनिवार्य होता है. इस आधार पर उनको यूजी और पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश मिलता है."

