यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी का विरोध, देहरादून में NSUI कार्यकर्ताओं ने किया शर्टलेस प्रदर्शन
NSUI कार्यकर्ताओं ने उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के खिलाफ देहरादून में शर्टलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 24, 2026 at 3:52 PM IST
देहरादून: दिल्ली में एआई समिट में हुए हंगामे को लेकर इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया गया है. इसके विरोध में मंगलवार 24 फरवरी को देहरादून में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया.
नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से ग्लोब चौक से होते हुए एश्ले हॉल चौक तक पैदल मार्च निकाला. उसके बाद भाजपा सरकार का पुतला दहन करते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी का विरोध किया.
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व एआई समिट में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया था. जिसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज करते हुए यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है.
उन्होंने कहा कि, शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने से देश शर्मसार नहीं हुआ है. बल्कि देश के मान को तब ठेस पहुंची, जब 'चीन' से निर्मित रोबोटिक डॉग ओरियन को अपना बताया गया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपने जीवन काल के अधिकतम समय बगैर शर्ट के बिताते हुए पूरे ब्रिटिश साम्राज्य को हिला दिया था. आज भी विश्व भर के लोग उनकी प्रतिमा के सामने नतमस्तक होते हैं. छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समर्थन में उन्हें आज सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा है.

ये है मामला: दरअसल, 20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने शर्ट के नीचे पीएम मोदी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी. इस प्रदर्शन का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था.
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने उसी दिन चार प्रदर्शन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया. जबकि बाकी प्रदर्शनकारियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बिहार, एमपी और उत्तर प्रदेश तक छापेमारी की.
ये भी पढ़ें:

