ETV Bharat / state

रांची के डोरंडा कॉलेज में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, प्राचार्य पर भेदभाव के आरोप

रांची स्थित डोरंडा कॉलेज में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया.

NSUI Workers protest against Principal
डोरंडा कॉलेज में NSUI का प्रदर्शन (Etv bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 5, 2026 at 7:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: डोरंडा कॉलेज में मंगलवार को उस वक्त माहौल गर्म हो गया जब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. छात्रसंघ के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए प्राचार्य डॉ. राजकुमार शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया.

प्राचार्य डॉ. राजकुमार शर्मा पर भेदभाव के आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI के उपाध्यक्ष विश्वजीत सिंह कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के प्राचार्य द्वारा संगठन के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है. विशेष रूप से कॉलेज के ऑडिटोरियम के उपयोग को लेकर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है. उनका कहना है कि एनएसयूआई को कार्यक्रमों के लिए ऑडिटोरियम की अनुमति नहीं दी जाती है जबकि अन्य दूसरे संगठनों को आसानी से अनुमति मिल जाती है.

डोरंडा कॉलेज में NSUI का प्रदर्शन (Etv bharat)

छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यह भी मुद्दा उठाया कि कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर कई सालों से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए हैं. इसके बावजूद छात्रसंघ के नाम पर राशि का आवंटन लगातार किया जा रहा है, जो पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है. छात्रों ने आरोप लगाया कि इस फंड के उपयोग को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती, जिससे संदेह की स्थिति बनी हुई है.

आंदोलन की चेतावनी

एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. उनका कहना है कि अगर जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जाहिर की.

छात्र संगठन के सभी आरोप बेबुनियाद: डॉ. राजकुमार शर्मा, प्रिंसिपल

वहीं पूरे मामले पर डोरंडा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजकुमार शर्मा ने सभी आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि छात्र संगठन द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं.

'कॉलेज प्रशासन सभी छात्र संगठनों के साथ समान व्यवहार करता है. ऑडिटोरियम या किसी भी संसाधन का आवंटन निर्धारित नियमों और उपलब्धता के आधार पर किया जाता है, न कि किसी पक्षपात के तहत. जहां तक छात्रसंघ चुनाव का सवाल है, यह निर्णय विश्वविद्यालय स्तर पर लिया जाता है और कॉलेज प्रशासन इसमें सीधे तौर पर हस्तक्षेप नहीं करता. छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं': डॉ. राजकुमार शर्मा, प्रिंसिपल, डोरंडा कॉलेज

मांगों पर अड़े रहे एनएसयूआई कार्यकर्ता

प्राचार्य के बयान के बाद भी छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही हालांकि बाद में मामला शांत हो गया. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस पूरे विवाद पर आगे क्या कदम उठाता है.

ये भी पढ़ें- RU में सत्र लेट से नाराज बीएससी नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने किया घेराव, परीक्षा-रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग

झारखंड NSUI का रांची में आक्रोश मार्च, ओबीसी छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति को लेकर प्रदर्शन

NSUI कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की नेमप्लेट पर कालिख पोत दी