CBSE मुख्यालय पर NSUI का जोरदार प्रदर्शन, OSM मूल्यांकन प्रणाली पर उठाए सवाल; रखीं अपनी मांगें
CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) मूल्यांकन प्रणाली के खिलाफ शनिवार को NSUI ने पटपड़गंज स्थित सीबीएसई मुख्यालय पर प्रदर्शन किया.

Published : May 30, 2026 at 5:10 PM IST
|Updated : May 30, 2026 at 5:40 PM IST
नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) मूल्यांकन प्रणाली के खिलाफ शनिवार को NSUI ने पटपड़गंज स्थित सीबीएसई मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दोषपूर्ण मूल्यांकन प्रणाली के कारण हजारों छात्रों को गलत अंक मिले हैं, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रभाव पड़ रहा है.
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने CBSE के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की. कार्यकर्ताओं का कहना है कि छात्रों को अपेक्षा से काफी कम अंक दिए गए हैं, जबकि उन्होंने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया था. इससे छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है.
छात्रों के भविष्य के साथ प्रयोग नहीं हो सकता
प्रदर्शन कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं ने CBSE के समक्ष कई मांगें रखीं. इनमें दोषपूर्ण और अपारदर्शी OSM प्रणाली को तत्काल समाप्त करना, मूल्यांकन में हुई गड़बड़ियों की जिम्मेदारी तय करना, निष्पक्ष और छात्र हितैषी पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया लागू करना तथा छात्रों के शैक्षणिक भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है. NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि CBSE छात्रों के भविष्य के साथ प्रयोग नहीं कर सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में हजारों छात्र एक लापरवाह और असंवेदनशील मूल्यांकन प्रणाली के कारण परेशान हैं. उनके अनुसार OSM प्रक्रिया ने छात्रों के बीच भ्रम, अन्याय और अविश्वास की स्थिति पैदा कर दी है. उन्होंने कहा कि NSUI हर प्रभावित छात्र के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगा. जाखड़ ने कि प्रत्येक उत्तर पुस्तिका के पीछे छात्रों की वर्षों की मेहनत, सपने और उनके परिवारों का त्याग जुड़ा होता है, इसलिए मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती.
🚨 CBSE Headquarters Gherao | Students Demand Justice
— NSUI (@nsui) May 30, 2026
Today, under the leadership of NSUI National President Shri @VinodJakharIN Ji, students from across the country assembled at the CBSE Headquarters, Patparganj, to protest against the controversial OSM evaluation system and… pic.twitter.com/FPec2PQOEj
देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
NSUI अध्यक्ष ने CBSE से मूल्यांकन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लाने और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुना गया तो संगठन इस मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा. न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्षप्रदर्शन के दौरान NSUI नेताओं ने कहा कि संगठन इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाता रहेगा और तब तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा, जब तक सभी प्रभावित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता और CBSE मूल्यांकन प्रक्रिया में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाता. संगठन का कहना है कि छात्रों के हितों की रक्षा और निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें-

