ETV Bharat / state

NEET पेपर लीक मामला: NSUI ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला, MP अनुराग ठाकुर ने कही ये बात

NSUI ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मामले में दी सफाई.

NEET UG 2026 Paper Leak Issue
NEET पेपर लीक मामला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 14, 2026 at 5:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर/धर्मशाला: NEET यूजी पेपर लीक मामले को लेकर NSUI ने आज बिलासपुर में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर की अगुवाई में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज करवाया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. NSUI नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वास को ठेस पहुंची है.

"नीट पेपर लीक मामले में भाजपा से जुड़े एक नेता की गिरफ्तारी हुई है, जिस पर 30 लाख रुपए में पेपर भेजने के आरोप लगे हैं. इससे 22 लाख छात्रों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. NSUI छात्रों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है." - टोनी ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष, NSUI

'दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए'

वहीं, NSUI के प्रदेश महासचिव ईशान ठाकुर ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले ने देश की शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो NSUI सांसदों का घेराव करने के लिए मजबूर होगी. उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल सभी लोगों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

नीट पेपर लीक मामले पर क्या बोले भाजपा सांसद?

वहीं, हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने नीट पेपर लीक विवाद को लेकर कहा कि मामले में सीबीआई जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी. नीट परीक्षा को लेकर हो रही आलोचनाओं और विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी कर रही है और जल्द ही सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे. प्रदेशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ गहरा रोष प्रकट किया जा रहा है.

पीएम मोदी की अपील पर ये बोले अनुराग ठाकुर

इसके अलावा पीएम मोदी द्वारा अपने काफिले और यात्रा कार्यक्रमों में कटौती किए जाने के मुद्दे पर अनुराग ठाकुर ने इसे देशहित में बड़ा संदेश बताया. उन्होंंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चाहे प्रधानमंत्री हो, मुख्यमंत्री, मंत्री या आम नागरिक जहां संभव हो, ईंधन की खपत कम करनी चाहिए और अनावश्यक यात्राओं से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत को ऊर्जा, उर्वरक और अन्य जरूरतों के लिए दुनिया पर निर्भरता कम करनी होगी. इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा. अनुराग ठाकुर ने कहा कि देशभर के मुख्यमंत्री और मंत्री भी इस पहल में शामिल हो रहे हैं. कोई मेट्रो से सफर कर रहा है, कोई ई-रिक्शा और कोई बाइक से ऑफिस पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बैठकों और वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्थाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक पर कांग्रेस प्रभारी ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

ये भी पढ़ें: हिमाचल में NEET पेपर लीक पर फूटा छात्रों-अभिभावकों का गुस्सा, सरकार से मांगी जवाबदेही