भाजपा प्रदेश कार्यालय के समक्ष भिड़े NSUI और BJYM कार्यकर्ता, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, जानें पूरा माजरा
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान एनएसयूआई और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई.

Published : May 26, 2026 at 8:23 PM IST
रांची: नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग को लेकर देशभर में आंदोलनरत कांग्रेस की स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया यानी एनएसयूआई की ओर से मंगलवार शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया. हरमू मैदान से भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच इस दौरान तीखी नोंकझोंक भी हुई.
एनएसयूआई के कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय के गेट पर जैसे ही पहुंचे भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रवेश करने से उन्हें रोक दिया. इस दौरान दोनों संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच हल्की-झड़प भी हुई. हालांकि कुछ देर के बाद सड़क किनारे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बैठकर केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
भाजपा शासन में छात्रों का भविष्य दांव परः संजीत शाह
इस मौके पर एनएसयूआई के प्रवक्ता संजीत शाह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस तरह से लगातार नीट परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है उससे लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है. मेधावी छात्र सड़क पर घूम रहे हैं और भाजपा के इशारे पर पेपर लीक करने वाले मस्त हैं. ऐसे में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को या तो खुद इस्तीफा देना चाहिए या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें बर्खास्त करें.

भाजपा नेताओं ने एनएसयूआई पर जमकर साधा निशाना
वहीं इस मौके पर भाजपा नेता अशोक बड़ाईक ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सरकार में कांग्रेस पिट्ठू बनकर शामिल है, जो नौकरी बेचने का काम करते रहे हैं. युवाओं के भविष्य के साथ हेमंत सरकार में खिलवाड़ करने वाली कांग्रेस आज घड़ियाली आंसू बहा रही है. इनकी हकीकत यह है कि झारखंड के आदिवासी-मूलवासियों को नौकरी से वंचित कर युवाओं से लाखों रुपए ठगने का काम करते हैं.

ये भी पढ़ें-
केंद्र सरकार पर भड़कीं AICC सचिव अंबा प्रसाद, NEET परीक्षा में अनियमितता पर बोला तीखा हमला
नीट पेपर लीक को लेकर झामुमो का जोरदार प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

