ETV Bharat / state

पटना में कुख्यात संजय सिंह गिरफ्तार, दिल्ली से लौटते ही पुलिस ने दबोचा

बिहार में पुलिस लगातार कुख्यात अपराधियों को दबोच रही है. इसी कड़ी में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पढ़ें खबर

SANJAY SINGH ARREST
डिजाइन फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 30, 2026 at 1:53 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की राजधानी पटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे पांडव सेना के सरगना और कुख्यात अपराधी संजय सिंह को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे उस समय दबोचा, जब वह दिल्ली से ट्रेन के जरिए अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पटना पहुंच रहा था.

पटना में संजय सिंह गिरफ्तार : गुप्त सूचना के आधार पर पटना जंक्शन पर पहले से घेराबंदी कर रही पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है. बिहार स्पेशल टास्क फोर्स के अधिकारियों ने प्रेस रिलीज कर जानकारी दी की संजय सिंह के पटना जंक्शन पहुंचने की सटीक सूचना पहले ही मिल गई थी.

जाल बिछाकर दबोचा गया : इसके बाद पुलिस ने पूरी योजना के तहत स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ाई और ट्रेन पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान उसके परिवार के सदस्य भी साथ मौजूद थे. गिरफ्तारी के बाद संजय सिंह की पत्नी पुष्पा कुमारी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई पर चिंता जताई है.

पत्नी ने जतायी अनोहनी की आशंका : वीडियो में पुष्पा कुमारी ने कहा कि वह अपने पति और बच्चों के साथ दिल्ली से पटना लौट रही थीं. इसी दौरान जीआरपी पुलिस ने उनके पति को हिरासत में ले लिया. उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति के साथ कोई अनहोनी न हो जाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज : इधर, बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि संजय सिंह पांडव सेना गिरोह का मुख्य सरगना है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. पटना, जहानाबाद सहित बिहार के कई जिलों के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं. वह कई वर्षों से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी.

''गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और पटना जंक्शन पर निगरानी रखी गई. जैसे ही संजय सिंह ट्रेन से उतरा, पुलिस ने उसे बिना किसी हंगामे के गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ शुरू की गई.''- अमित कुमार, बिहटा थाना प्रभारी

हर एंगल को खंगाल रही पुलिस : पुलिस अधिकारियों के अनुसार संजय सिंह की गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. जांच एजेंसियां अब उससे उसके नेटवर्क, फरारी के दौरान मिली मदद, गिरोह के अन्य सदस्यों और हाल के आपराधिक मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें :-

बिहार में शातिर चांद मियां समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस कर रही बंगाल कनेक्शन की जांच.. पिस्टल-जिंदा कारतूस बरामद