ETV Bharat / state

प्रोडक्शन वारंट पर रोहतक लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल, अमेरिका से डिपोर्ट के बाद एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी

कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को रोहतक फायरिंग और रंगदारी मामले में प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया.

Notorious Gangster Aman Bhainswal Arrested
प्रोडक्शन वारंट पर रोहतक लाया गया कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 11, 2026 at 10:07 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रोहतक: जिला पुलिस की अपराध जांच शाखा प्रथम ने कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर गिरफ्तार किया है. अमन किसी अन्य आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था. पुलिस ने उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस अब उससे रंगदारी और फायरिंग मामलों में गहन पूछताछ कर रही है.

रंगदारी और फायरिंग कांड से जुड़ा नाम: अमन भैंसवाल का नाम 23 मई 2025 को रोहतक के सुभाष रोड स्थित एक दुकान पर हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था. दो युवकों ने पहले दुकानदार को धमकाया और बाद में शाम को दोबारा आकर हवाई फायरिंग की. घटना के बाद 27 मई को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों-गौरव और राहुल को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि यह वारदात अमन भैंसवाल के कहने पर की गई थी.

विदेश से गैंग संचालन और फर्जी पासपोर्ट मामला: पुलिस जांच में सामने आया कि अमन भैंसवाल जून 2024 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हो गया था. उसने अमन कुमार के नाम से पासपोर्ट बनवाया और दुबई, कुवैत होते हुए अमेरिका पहुंच गया. विदेश में रहकर वह गैंग का संचालन कर रहा था. सोनीपत में उसके खिलाफ फर्जी पासपोर्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज है. इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया था.

अमेरिका से डिपोर्ट, एयरपोर्ट से गिरफ्तारी: जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में अमन भैंसवाल को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया. 7 जनवरी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरते ही हरियाणा एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया. वह 209 डिपोर्ट किए गए भारतीयों में शामिल था.पुलिस के अनुसार वह पिछले 13 वर्षों से अपराध जगत में सक्रिय है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं.

गोहाना और सांपला फायरिंग में भी भूमिका: अमन भैंसवाल का नाम गोहाना के प्रसिद्ध मातूराम हलवाई की दुकान पर हुई फायरिंग और दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी सामने आया था. इसके अलावा सांपला में सीताराम हलवाई की दुकान पर हुई फायरिंग में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में अहम खुलासे हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें:फरीदाबाद में छेड़छाड़ का विरोध करने पर मर्डर, बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ किया हमला, आरोपियों की तलाश जारी