ETV Bharat / state

बिहार में कुख्यात पुट्टू मिश्रा की हत्या, तीन बदमाशों ने सिर में मारी गोली

बगहा में कुख्यात अपराधी पुट्टू मिश्रा की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई.

NOTORIOUS CRIMINAL PUTTU MISHRA
बगहा में पुट्टू मिश्रा की हत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : April 28, 2026 at 8:38 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बगहा: बिहार के बगहा जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के फुलकौल चौक पर सोमवार शाम को कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुट्टू मिश्रा की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के समय पुट्टू मिश्रा जमीन विवाद सुलझाने के लिए वहां पहुंचा था. हमलावरों ने पहले से घात लगाकर उसकी हरकतों पर नजर रखी और जैसे ही मौका मिला, ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

बदमाशों ने की तीन राउंड फायरिंग: फुलकौल चौक पर उस समय बाजार में चहल-पहल थी. लोग खरीदारी कर रहे थे और चाय की दुकानों पर बैठे थे. अचानक तीन बाइक सवार बदमाश पहुंचे और पुट्टू मिश्रा पर फायरिंग शुरू कर दी. करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक गोली सीधे उसके सिर में लगी. गोली की आवाज सुनते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.

घात लगाए बैठे थे हमलावर: मटियरिया थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी पुट्टू मिश्रा कुछ लोगों के साथ बैठक में बैठकर जमीन विवाद सुलझा रहे थे. हमलावर पहले से ही घात लगाए बैठे थे और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे. पुलिस के अनुसार हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें पुट्टू के वहां पहुंचने की पहले से जानकारी थी. बेहद करीब से की गई फायरिंग में पुट्टू मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया.

सिर में लगी गोली: हमलावरों की गोली सीधे पुट्टू मिश्रा के सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा. गोली चलने के बाद कुछ देर तक लोग डर के मारे उसके पास नहीं पहुंच सके. बाद में स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाई और उसे रामनगर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.

लंबा आपराधिक इतिहास: पुट्टू मिश्रा इलाके में एक कुख्यात और दबंग अपराधी के रूप में जाना जाता था. हत्या, रंगदारी, दबंगई और कई गंभीर आपराधिक मामलों में उसका नाम दर्ज था. वह कांग्रेस नेता फखरुद्दीन खान हत्याकांड में भी आरोपी रह चुका था. पुलिस के अनुसार वह कई बार जेल जा चुका था और लंबे समय तक विभिन्न जेलों में बंद रहा. प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने भी उसके लंबे आपराधिक इतिहास की पुष्टि की है.

जमीन विवाद या पुरानी दुश्मनी?: पुट्टू मिश्रा की हत्या को लोग सामान्य वारदात नहीं बल्कि बड़े गैंगवार की एक कड़ी मान रहे हैं. पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद, पुरानी दुश्मनी, रंगदारी या गैंगवार में से कौन सी वजह है. घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है, जिससे हमलावरों के इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाने में मदद मिलेगी.

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया: सूचना मिलते ही रामनगर SDPO रागिनी कुमारी, प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी और रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और दो लोगों को हिरासत में लेकर उनकी जांच कर रही है. पुलिस ने जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है.

"पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है. फिलहाल गैंगवार, पुरानी दुश्मनी, रंगदारी और जमीन विवाद सभी पहलुओं पर जांच चल रही है."- निर्मला कुमारी, प्रभारी एसपी

इलाके में तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा: इस घटना के बाद रामनगर के फुलकौल चौक और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.

ये भी पढ़ें-

पटना में अपराधी का एनकाउंटर, पुलिस ने रामकृष्ण नगर लूटकांड के आरोपी के पैर में मारी गोली

बिहार में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़: STF की कार्रवाई में एक को लगी गोली