हिमाचल में बजा चुनावों का बिगुल, 16 मार्च को मतदान, अधिसूचना जारी
देश के 10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव कराए जाने हैं. हिमाचल प्रदेश से भी एक सीट पर मतदान होना है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 12:29 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए जल्द चुनाव होने वाला है. 16 मार्च को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में एक राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए मतदान होगा. निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की द्विवार्षिक चुनाव प्रक्रिया के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. देश के 10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव कराए जाने हैं. हिमाचल प्रदेश से भी एक सीट पर मतदान होना है.
BJP सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की कुल तीन सीटें हैं. इसमें से एक सीट रिक्त होने वाली है, जिस पर चुनाव होना है. वर्तमान में हिमाचल प्रदेश से तीनों राज्यसभा सांसद भारतीय जनता पार्टी से हैं. हर्ष महाजन, सिकंदर कुमार और इंदु गोस्वामी भाजपा से राज्यसभा सांसद हैं. सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है. ऐसे में यह सीट रिक्त हो जाएगी जिस पर 16 मार्च को चुनाव होगा.

आयोग ने जारी किया चुनावी प्रक्रिया का कलेंडर
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी 2026 को अधिसूचना जारी होगी. नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी. 9 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. राज्यसभा के लिए मतदान 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना की जाएगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी. निर्वाचन आयोग ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं.
संसद में खाता खोलने चाहेगी कांग्रेस
इस समय लोकसभा और राज्यसभा में हिमाचल के कुल सात सांसद है. सभी सांसद बीजेपी से हैं. लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस के सांसदों की संख्या जीरो है. पिछला राज्यसभा चुनाव काफी रोमांचक रहा था. जब बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस के अभिषेख मनु सिंघवी को शिकस्त दी थी. बीजेपी ने कांग्रेस के मुंह से जीत छीन ली थी. इसके बाद प्रदेश में खूब राजनीतिक ड्रामा हुआ था.
2024 में कांग्रेस को मिली थी हार
2024 में बहुमत होने के बाद भी क्रॉस वोटिंग कारण कांग्रेस के हाथ से बीजेपी ने राज्यसभा की सीट छीन ली थी. बराबर मत होने से बाद ड्रा से निकले परिणाम में भाजपा प्रत्याशी जीते थे. इसके बाद इस नतीजे को मनु सिंघवी ने कोर्ट में चुनौती दी थी. अभी हिमाचल में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं, जबकि विपक्षी दल भाजपा के पास 28 हैं. कांग्रेस के उम्मीदवार के लिए इस समय प्रतिभा सिंह, रजनी पाटिल, आनंद शर्मा कौल सिंह और आशा कुमारी का नाम चर्चा में हैं. पिछली बार से सबक लेते हुए कांग्रेस इस बार चुनाव में कोई ढील नहीं बरतना चाहेगी.
ये भी पढ़ें: सदन में डिप्टी सीएम ने बिक्रम ठाकुर से क्यों कहा वापस लें सवाल?

