पैराग्लाइडिंग हादसे में पायलट, ऑपरेटर और मार्शल को नोटिस, अगले आदेश तक बंद रहेगी ये साइट
27 दिसंबर को कुल्लू में हुए पैराग्लाइडिंग हादसे के बाद फिलहाल साइट को बंद कर दिया गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 2:36 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के भुंतर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट गड़सा (जय बराधी वीर) पर हुए गंभीर हादसे के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए हादसे को लेकर पायलट, ऑपरेटर और मार्शल को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, सभी से तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया गया है. जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जय बराधी वीर पैराग्लाइडिंग साइट को आगामी आदेश तक बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं. इस दौरान साइट से किसी भी प्रकार की उड़ान पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
70–80 फीट नीचे गिरा पर्यटक, पीजीआई रेफर
गौरतलब है कि 27 दिसंबर की शाम थाना भुंतर क्षेत्र के अंतर्गत गड़सा स्थित जय बराधी वीर साइट पर उड़ान के दौरान तकनीकी कारणों से हार्नेस खुलने से पर्यटक नीचे गिर गया. हादसे में मुंबई निवासी दिव्य प्रजापति करीब 70–80 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायल को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पैराग्लाइडिंग पायलट के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है.
जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा ने बताया, 'नोटिस के जवाब मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी'.
ये भी पढ़ें: कुल्लू पैराग्लाइडिंग हादसा: हार्नेस खुलने से आसमान से गिरा सैलानी, गंभीर हालत में PGI रेफर

