चंडीगढ़ में नॉर्थ जोन फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज़, सात टीमों के बीच जंग शुरू
चंडीगढ़ में नॉर्थ जोन फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो चुकी है. कुल सात टीम मुकाबले में है.

Published : February 17, 2026 at 10:00 AM IST
पंचकूला: कोलकाता में आयोजित होने वाली इंटर जोनल फुटबॉल प्रतियोगिता से पहले आज, 16 फरवरी को चंडीगढ़ के सेक्टर 42 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में नॉर्थ जोन फुटबॉल प्रतियोगिता की शुरूआत हुई. बीस फरवरी तक जारी रहने वाली महालेखाकार (लेखा व हकदारी, पंजाब एवं यूटी चंडीगढ़) द्वारा आयोजित इस आईए एवं एडी नार्थ जोन फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन पंजाब सरकार, जेल विभाग के सचिव, आईएएस मोहम्मद तैयब द्वारा किया गया. साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता के सुगम आयोजन की प्रशंसा की.
सात टीमों के बीच होंगे मुकाबले: महालेखाकार तृप्ति गुप्ता ने प्रतियोगिता बारे में बताया कि, "इस टूर्नामेंट में इंडियन ऑडिट एवं अकाउंट्स विभाग की कुल सात टीमें खेल रही हैं. इनमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर की टीमें शामिल हैं. पहले मैच में एजी पंजाब ने एजी उत्तराखंड को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर जीत दर्ज की. दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के बीच हुए दूसरे मैच में दिल्ली की टीम ने शुरूआत से आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश को भी एकतरफा मुकाबले में 18-0 के भारी अंतर से शिकस्त दी."
हरियाणा ने जीता रोमांचक मुकाबला: हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच लीग का तीसरा मैच खेला गया, जिसके 26वें मिनट में यूपी की टीम ने मैच का पहला गोल किया. लेकिन हरियाणा टीम ने हाफ-टाइम से ठीक पहले मैच को रोमांचक बनाते हुए अपना खाता खोला. इसके बाद खेल के 67वें मिनट में हरियाणा टीम ने पेनल्टी की मदद से मैच को 2-1 से अपनी झोली में डाला.
दो टीमों का इंटर जोनल टूर्नामेंट में चयन: खेल सचिव, मोहित शर्मा ने बताया कि, "प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाली दो टीमों का चयन मार्च में कोलकाता में आयोजित होने वाली इंटर जोनल प्रतियोगिता के लिए होगा. प्रतियोगिता में कुल नौ लीग मैच खेले जाएंगे और एक फाइनल मैच होगा. प्रतियोगिता में मैच रेफरी की जिम्मेदारी सीएजी कार्यालय के लियो और सैमसन को दी गई है. इनके अलावा वह दो चयनकर्ता भी पहुंचे हैं, जो टीम के चयन की जिम्मेदारी निभाते हैं. इसके अलावा इंटर जोनल प्रतियोगिता के विजेताओं में से भी सीएजी टीम का चयन किया जाता है."
ये भी पढ़ें:हरियाणा में कांग्रेस विधायक पर केस दर्ज, कैथल SDM को झुनझुना देने की कोशिश की थी, कहा था- पकड़ो और बजाओ

