ETV Bharat / state

एएमयू शिक्षक दानिश हत्याकांड: शूटर भाइयों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, इनाम एक-एक लाख करने की तैयारी

पुलिस शूटर भाइयों कि गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की मदद से जामिया और बाटला हाउस इलाके में लगातार दबिश दे रही है.

राव दानिश हत्याकांड
राव दानिश हत्याकांड (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 7:22 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में शिक्षक राव दानिश अली की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इस हत्याकांड में शामिल तीन सगे शूटर भाई जुबेर, यासिर और फहद के खिलाफ पुलिस ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिए हैं. तीनों की गिरफ्तारी के लिए अलीगढ़ पुलिस की टीमें दिल्ली में डेरा डाली हुई है. दिल्ली पुलिस की मदद से लगातार दबिश दे रही है.

राव दानिश हत्याकांड: दरअसल, 24 दिसंबर 2025 की देर शाम थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अमीर निशा निवासी और एएमयू में शिक्षक राव दानिश अली को विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी कैंटीन में ताबड़तोड़ गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था. घटना के बाद से ही यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्या की साजिश दिल्ली के ओखला इलाके में रह रहे हिस्ट्रीशीटर शूटर भाई जुबेर, यासिर और फहद ने रची थी.

शाहज़ेब हत्याकांड: पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 के चर्चित शाहज़ेब हत्याकांड में जुबेर को शक था कि राव दानिश अली ने ही उसके खिलाफ पुलिस को मुखबिरी की थी. इसी रंजिश में जुबेर ने हत्या की साजिश रची थी. कि जुबेर करीब सात साल तक जेल में बंद रहा और पिछले साल जुलाई में बाहर आया था. जेल से बाहर आते ही उसने अपने भाई यासिर और फहद के साथ मिलकर राव दानिश अली की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिलवाया.

अपराधियों पर इनाम घोषित: पुलिस ने इस मामले में मृतक शिक्षक के पड़ोसी और मित्र सलमान कुरेशी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिस पर आरोपियों की मदद करने का आरोप है. फिलहाल, सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन दिल्ली के जामिया और बाटला हाउस इलाके में ट्रेस की जा रही है. पहले तीनों आरोपियों पर एसएसपी और डीआईजी स्तर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. अब पुलिस इस इनामी राशि को बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये करने की तैयारी में है. इसके लिए एसएसपी द्वारा एडीजी जोन को रिपोर्ट भेजी जा रही है.

एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस पूरी ताकत झोंक रही है. दिल्ली में पुलिस की कई टीमें तैनात हैं, अदालत से गैर-जमानती वारंट हासिल कर लिए गए हैं और इनाम बढ़ाने की प्रक्रिया भी चल रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किया जाएगा.

ये भी पढ़े: अमेठी में रमेश हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, गांव में चल रही नौटंकी में बनाई प्लानिंग, शराब पिलाई और मारकर नदी में फेंक दिया

ये भी पढ़े: मेरठ हत्या-अपहरण कांड में पुलिस प्रशासन पर सवाल, दो दिनों बाद भी पुलिस की 10 टीमें नहीं लगा पाईं युवती और आरोपियों का सुराग