ETV Bharat / state

इस जिले में बीजेपी समर्थित जिला परिषद के 2 उम्मीदवारों समेत 3 के नामांकन रद्द, सालों पुरानी गलती पड़ी भारी

मंगलवार को नामांकनों पत्रों की छंटनी की गई. इसमें सालों पुराने मामले में कई उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हुए हैं.

बीजेपी समर्थित प्रत्याशी का नामांकन रद्द
बीजेपी समर्थित प्रत्याशी का नामांकन रद्द (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 13, 2026 at 10:17 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: पंचायत चुनावों के लिए भरे गए नामांकन की मंगलवार को छंटनी की गई. नामांकन पत्रों की जांच के दौरान हमीरपुर जिला में तीन वार्डों के प्रत्याशियों के नामांकन रद्द किए गए हैं. इससे बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू हुई जांच प्रक्रिया में जिला परिषद के 19 वार्डों, 6 पंचायत समितियों के 119 वार्डों और 242 ग्राम पंचायतों के कुल 1860 पदों के लिए भरे गए 5333 नामांकन पत्रों की छंटनी की गई.

जांच के दौरान हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 चमनेड़, भोरंज विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 जाहू और नादौन विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 मालग के प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए. इनमें चमनेड़ और मालग वार्ड के प्रत्याशी बीजेपी समर्थित थे, जबकि जाहू वार्ड का प्रत्याशी निर्दलीय बताया जा रहा है. चमनेड़ वार्ड से बीजेपी समर्थित प्रत्याशी रोहित शर्मा का नामांकन सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे के चलते रद्द किया गया. जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2002 से जुड़ा है, जब रोहित शर्मा नाबालिग थे. हालांकि अब तक भूमि नियमित नहीं हो पाई है. नामांकन रद्द होने के बाद अब इस वार्ड में कांग्रेस समर्थित नीरज ठाकुर, दुनी चंद और वामपंथी विचारधारा से जुड़े सुरेश कुमार मैदान में रह गए हैं. एसडीएम हमीरपुर संजीत ठाकुर ने नामांकन रद्द होने की बात स्वीकार की है.

एक नामांकन पर आज होगा फैसला

वहीं, नादौन विधानसभा क्षेत्र के मालग वार्ड से भाजपा समर्थित प्रत्याशी काजल का नामांकन भी परिवार से जुड़े अतिक्रमण मामले के चलते रद्द कर दिया गया. अब इस वार्ड में बंदना कुमारी और कंचन धीमान के बीच मुकाबला रह गया है. भाजपा को यहां आंशिक राहत जरूर मिली है, लेकिन चमनेड़ वार्ड में पार्टी पूरी तरह चुनावी दौड़ से बाहर हो गई है. भोरंज विधानसभा क्षेत्र के जाहू वार्ड से निर्दलीय उम्मीदवार ठाकुर चंद का नामांकन इस आधार पर रद्द किया गया कि वो संबंधित वार्ड के मतदाता नहीं थे. बताया गया कि वो नगर पंचायत भोटा/भोरंज के वोटर हैं, जबकि उन्होंने जाहू वार्ड से नामांकन दाखिल किया था. अब इस वार्ड में छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं. इसके अलावा भोरंज के वार्ड नंबर 11 महल की एक महिला प्रत्याशी का नामांकन फिलहाल लंबित रखा गया है. यह मामला किसी कानूनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिस पर अंतिम निर्णय बुधवार को लिया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत पारदर्शिता के साथ की गई है. एसडीएम हमीरपुर संजीत ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सभी निर्णय नियमानुसार लिए गए हैं.

विधायक ने बताया राजनीति से प्रेरित

वहीं, नामांकन रद्द होने के बाद भाजपा ने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित करार दिया है. विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि 'पुराने मामलों को आधार बनाकर प्रत्याशी को चुनाव से बाहर करना उचित नहीं है. वर्ष 2002 में प्रत्याशी (रोहित ठाकुर) के दादा ने भूमि नियमितीकरण के लिए आवेदन किया था, लेकिन आज तक उस पर निर्णय नहीं हुआ. ऐसे में इस आधार पर नामांकन रद्द करना अन्यायपूर्ण है. जरूरत पड़ने पर हम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे.' चमनेड वार्ड से बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को नामांकन रद्द होना हमीरपुर सदर से बीजेपी विधायक के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. रोहित शर्मा का नाम आशीष शर्मा ने ही आगे बढ़ाया था.

ये भी पढ़ें: देहरा का दंगल: CM सुक्खू की पत्नी के गढ़ में भाजपा का किला, क्या इस बार चलेगा कमलेश ठाकुर का करिश्मा?