ETV Bharat / state

अब 20 मिनट में तय होगी नोएडा से फरीदाबाद की दूरी, घंटों जाम की समस्या से मिलेगी निजात

Noida Faridabad Highway: हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर ने उत्तर प्रदेश से फरीदाबाद को जोड़ने वाले पुलिस के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया.

Noida Faridabad Highway
Noida Faridabad Highway (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 26, 2025 at 8:11 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: तिगांव विधानसभा क्षेत्र के मंझावली गांव में यमुना नदी पर बन रहे पुल को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले अंतिम चरण के सड़क निर्माण कार्य का आज विधिवत शुभारंभ किया गया. हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर ने नारियल फोड़कर भूमि पूजन किया और करीब 4.50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत कराई. ये सड़क हरियाणा और उत्तर प्रदेश को आपस में जोड़ने का काम करेगी, जिस पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी.

नोएडा को फरीदाबाद से जोड़ने वाले पुल निर्माण का शुभारंभ: राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि "इस परियोजना पर वर्ष 2014 से काम चल रहा है. हरियाणा की ओर से पुल और उससे जुड़ी सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. अब केवल उत्तर प्रदेश के नोएडा क्षेत्र को जोड़ने वाला छोटा सा हिस्सा शेष है, जिसे अगले दो महीनों में पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद मंझावली पुल से आम लोगों का आवागमन शुरू हो जाएगा."

अब 20 मिनट में तय होगी नोएडा से फरीदाबाद की दूरी (Etv Bharat)

मात्र 20 मिनट में पहुंचेंगे नोएडा से फरीदाबाद: उन्होंने कहा कि "इस सड़क के चालू होने से फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा की दूरी काफी कम हो जाएगी. अब लोगों को नोएडा जाने के लिए कालिंदी कुंज के रास्ते से होकर नहीं जाना पड़ेगा, जहां आए दिन घंटों जाम की समस्या बनी रहती थी. इस नए मार्ग के खुलने के बाद फरीदाबाद से नोएडा मात्र 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा."

लोगों को लंबे जाम से मिलेगी राहत: मंत्री राजेश नागर ने बताया कि "इस सड़क से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच रोजाना आने-जाने वाले कामकाजी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. इसके साथ ही व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा." उन्होंने इस परियोजना में सहयोग देने के लिए हरियाणा सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, संबंधित मंत्री और सांसदों का आभार जताया. और कहा कि "मंझावली पुल और इससे जुड़ा यह मार्ग फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा. इसके शुरू होने से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा."

ये भी पढ़ें- खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल को दी बड़ी सौगात, जैकपॉट पोर्टल के माध्यम से अब प्रशासन से सीधे जुड़ेगी जनता