इस बार भी भूल जाइये White Christmas, कई साल से दिसंबर सूखा, इस बार भी मौसम विभाग ने नहीं दी गुड न्यूज
शिमला में पर्यटक क्रिसमस पर बर्फबारी देखने की आस लिए हुए आते हैं, लेकिन इस बार पर्यटकों को फिर निराशा ही हाथ लगने वाली है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 24, 2025 at 1:51 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में सूखे का सिलसिला टूटने का नाम नहीं ले रहा है. इस बार मानसून के बाद सर्दियों में हिमाचल में न तो अच्छे से बर्फबारी हुई है और न बारिश. स्नो लाइन के साथ लगते क्षेत्रों में बर्फबारी तो दूर बारिश की बूंद भी नहीं गिरी है. हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों, दर्रों, पहाड़ियों पर एक दो बार हल्की बर्फबारी हुई है, लेकिन चंबा, शिमला, सिरमौर, मंडी, मनाली के निचले क्षेत्रों में बर्फबारी का निशान तक देखने को नहीं मिला है.
शिमला, कुल्लू, मनाली जैसे इलाकों में इन दिनों लोग क्रिसमस पर बर्फबारी देखने की आस लिए हुए आते हैं, लेकिन इस बार पर्यटकों को फिर निराशा ही हाथ लगने वाली है. पर्यटकों का व्हाइट क्रिसमस का फील देने के लिए शिमला में नकली बर्फ के फाहों की व्यवस्था की गई है, ताकि पर्यटक इसके साथ फोटशूट कर मन बहला सकें. शिमला के मालरोड की सैर पर निकले सैलानी और स्थानीय लोग नकली बर्फ के साथ तस्वीरें तो खींचा रहे हैं, लेकिन ऐसे दृश्य को लेकर चिंता भी जाहिर कर रहे हैं. सैलानियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि वो नकली बर्फ देखकर अच्छा महसूस नहीं कर रहे. शिमला में लंबे वक़्त से बर्फ़बारी नहीं हुई है. बीते कई सालों से मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है. यह सभी के लिए चिंता का विषय है.

2016 से हो रहा व्हाइट क्रिसमस का इंतजार
शिमला में लगभग एक दशक से व्हाइट क्रिसमस का इंतजार है. शिमला में साल 2016 में 25 दिसंबर को 30 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई थी. इसी साल लोगों को क्रिसमस पर बर्फबारी के बीच शिमला का सुंदर नजारा देखने को मिला था. इसके बाद से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को निराशा ही हाथ लगी है. पिछले सालों के बर्फबारी के पैटर्न को देखें तो दिसंबर माह में ये अपेक्षाकृत कम रही है. इस साल भी दिसंबर का महीना आधा बीत चुका है, लेकिन आसमान से एक भी बर्फ का फाहा नहीं गिरा.
20 दिसंबर के बाद ही होती है बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के सीनियर साइंटिस्ट संदीप कुमार शर्मा का कहना है कि 'पिछले 10 साल की आंकड़े देखने पर पता चलता है कि शिमला शहर में 20 दिसंबर के बाद ही बर्फबारी होती है. ओवरऑल दिसंबर में एक या दो स्पेल बर्फबारी के देखे गए हैं. हालांकि बीते 4 वर्षों में दिसंबर 2021 से दिसंबर 2024 तक देखें तो इस दौरान वर्ष 2022, 2023, 2024 में 3 सालों में कोई बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है. इसी तरह से वर्ष 2021 में भी दिसंबर में हल्की बर्फबारी हुई थी. 2014 में तीन स्पेल बर्फबारी के दर्ज किए गए थे. इस दौरान कम्युलेटिव 40 सेंटीमीटर के आसपास बर्फबारी रिकॉर्ड की गई थी. शिमला शहर या हिमाचल में दिसंबर के थर्ड वीक में ही बर्फबारी की संभावना रहती है. कुछ वर्ष ऐसे भी रहे हैं जब 12 या 13 दिसंबर के आसपास बर्फबारी दर्ज की गई है. इसमें 2012 में और वर्ष 2018 में सेकेंड वीक में बर्फबारी का एक स्पेल देखा गया है. 2010 से वर्ष 2024 तक सबसे अधिक 38 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है. 2012 में दिसंबर में बर्फबारी के 2 स्पेल हुए और 9 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी. 2018 में 2 स्पेल में 7.1 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई. 2019 में 20 सेंटीमीटर, 2020-2021 में भी मात्र 1 सेंटीमीटर बर्फबारी दिसंबर माह में रिकॉर्ड की गई थी.'

बारिश-बर्फबारी के लिए अभी करना होगा और इंतजार
बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे पहाड़ों को अभी फिलहाल और इंतजार करना पड़ेगा. बर्फबारी के लिए तापमान शून्य से नीचे की विशेष परिस्थितियां जरूरी होती हैं, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है और बर्फबारी के लिए जिम्मेदार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के भी आसार नजर नहीं आ रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम साफ बने रहने का अनुमान जताया है. मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने कहा कि 'फिलहाल प्रदेश में किसी तरह के मौसम परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है. अगले एक सप्ताह प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा.'

दिन में सामान्य से ऊपर चल रहे तापमान
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी न होने से तापमान पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है. राज्य में दिन के तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक ऊपर रिकॉर्ड किए जा रहे हैं. वहीं, न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल रही है. मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि दिन के तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किए जा रहे हैं. बीते 24 घंटे में शिमला-मनाली में दिन के तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री ऊपर रिकॉर्ड किए गए हैं. इसके अलावा कुमकुमसेरी में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया है. प्रदेश के निचले इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं. वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिल रही है. प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की औसतन गिरावट देखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल की बेटी नेहा पटियाल को UPSC CMS में मिली सफलता, सीएम सुक्खू ने दी बधाई

