TET पर नौकरी जाने का डर खत्म, वेतन विसंगति पर भी जल्द समाधान की उम्मीद, मुख्यमंत्री साय से शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की अहम मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट रूप से भरोसा दिलाया कि TET की वजह से किसी भी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 28, 2026 at 10:31 AM IST
जशपुर: छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मुद्दों पर चर्चा की. देर रात हुई इस मुलाकात में खास तौर पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता, पदोन्नति में TET की शर्त और सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का विषय प्रमुखता से उठाया गया.
प्रांतीय संयोजक मनीष मिश्रा और जशपुर जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षक प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि TET की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों में नौकरी और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है. इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट रूप से भरोसा दिलाया कि TET की वजह से किसी भी शिक्षक की नौकरी नहीं जाएगी. उन्होंने बताया कि ऐसे शिक्षकों को TET उत्तीर्ण कराने के लिए सरकार आवश्यक व्यवस्था करने की दिशा में काम कर रही है.

दूसरे राज्यों की व्यवस्था का भी अध्ययन
TET के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार मध्यप्रदेश, ओडिशा सहित अन्य राज्यों में इस विषय को लेकर अपनाए जा रहे रास्तों और व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रही है. यदि इन राज्यों में कोई व्यावहारिक समाधान सामने आता है तो छत्तीसगढ़ में भी उस व्यवस्था को लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है.
वेतन विसंगति का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने
मुलाकात के दौरान सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. जशपुर जिलाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि सहायक शिक्षक लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं. उन्होंने इसे शिक्षकों से जुड़ी गंभीर और पुरानी समस्या बताते हुए सरकार की ओर से ठोस पहल की मांग की. साथ ही यह भी बताया कि वेतन विसंगति का विषय सरकार की ‘मोदी की गारंटी’ में भी शामिल रहा है.

मुख्यमंत्री साय ने इस मामले में अधिकारियों से चर्चा कर समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. इस भरोसे के बाद शिक्षकों को वेतन संबंधी समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है.
शिक्षिकाओं ने बांधा रक्षा सूत्र, सेवा सुरक्षा की रखी बात
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जशपुर जिले से पहुंची शिक्षिकाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा. इस दौरान शिक्षिकाओं ने शिक्षक समुदाय की सेवा, सुरक्षा और हितों की रक्षा की अपेक्षा मुख्यमंत्री के सामने रखी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं और सरकार से भी अपने भविष्य को लेकर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की बातों को गंभीरता से सुना और शिक्षक हितों से जुड़े विषयों पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया. प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय पदाधिकारियों कौशल अवस्थी, अश्वनी कुर्रे, टिकेश्वर भोई, आदित्य गौरव साहू और दिनेश नायक सहित जशपुर जिले के विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष तथा शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे.
फेडरेशन के अनुसार मुख्यमंत्री की ओर से मिले आश्वासन से प्रदेशभर के शिक्षकों में उम्मीद बढ़ी है. संगठन अब सरकार की ओर से होने वाली विभागीय कार्रवाई और आगामी निर्णयों पर नजर रखेगा. फेडरेशन ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े TET, पदोन्नति और वेतन विसंगति जैसे विषयों के समाधान के लिए संगठन लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को आगे भी उठाता रहेगा.

