राशन कार्ड से राशन नहीं, दुर्ग जिले में हजारों सदस्यों के नाम हटाए गए, ये रही वजह
दुर्ग जिले में 1 लाख से ज्यादा फर्जी राशन कार्ड होने की सूचना राज्य सरकार को मिली थी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 12:58 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 1:43 PM IST
दुर्ग: शासन ने फर्जी राशन कार्ड की सूचना पर दुर्ग जिले के खाद्य विभाग को सत्यापन के लिए निर्देश दिया. खाद्य विभाग ने शासन से मिली सूची के आधार पर सभी कार्ड धारकों का सत्यापन कराया. जिसके बाद अलग अलग कारणों से करीब 16 हजार सदस्यों के नाम काटे गए हैं. सत्यापन की प्रक्रिया जारी है और भी नाम काटे जाने की संभावना है.
खाद्य विभाग के चक्कर काट रहे हितग्राही
दुर्ग जिले के खाद्य विभाग में इन दिनों ऐसे हितग्राही रोज चक्कर काट रहे हैं, जिनके नाम राशन कार्ड की सूची से काट दिए गए हैं. एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड में जिनका आधार अपडेट नहीं हो पाया है. परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हो या फिर वे लोग जो पलायन कर दूसरे शहर शिफ्ट हो गए हैं. ऐसे सदस्यों को पिछले महीने का राशन उपलब्ध नहीं होने के कारण हितग्राही अपना नाम जुड़वाने के लिए भटक रहे हैं.
पिछले महीने राशन नहीं मिला. हमें बताया कि आपका राशन दुर्ग से ही बंद हो गया. फिर हम कलेक्ट्रेट पहुंचे और चेक कराया. कलेक्ट्रेट में बताया गया कि यहां चालू है, वापस जाइये. मोबाइल में फोटो खींचकर दिखाया. करीब तीन चक्कर हो गए. हमको बताया गया कि केवायसी नहीं हुआ-हरिलाल टांडा,हितग्राही
केवाईसी अपडेट नहीं, राशन नहीं
राशन कार्ड हितग्राहियों ने बताया कि किसी एक सदस्य का भी ई केवाईसी अपडेट नहीं होने पर परिवार के किसी भी सदस्य को राशन नहीं दिया जा रहा है. जिसके लिए राशन कार्ड हितग्राही ई केवाईसी के लिए खाद्य विभाग का चक्कर लग रहे हैं.

पिछले महीने केवायसी की वजह से राशन नहीं मिला. कलेक्ट्रेट पहुंचे तो बोला गया कि यहां से ओपन है-मेहुल टांडा,हितग्राही
राशन कार्ड से कटे 16 हजार सदस्यों के नाम
खाद्य नियंत्रक अधिकारी अनुराग भदौरिया ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के बाद जब सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई, तब फर्जी राशन कार्ड नहीं मिले हैं. कार्डधारियों का नाम नहीं काटा गया है बल्कि विभिन्न कारणों से 16 हजार सदस्यों के नाम काटे गए हैं. इनमें वे लोग शामिल हैं, जिनका आधार कार्ड अपडेट समेत विभिन्न कारणों से राशन कार्ड सूची से नाम काटा गया है. जिनके नाम काटे गए हैं, अगर वह हितग्राही पात्र के श्रेणी में आते हैं तो उनका आधार ई केवाईसी अपडेट कर कार्ड में नाम जोड़कर खाद्यान्न ले सकते हैं.
ईकेवाईसी(e-KYC) होने के बाद हितग्राहियों को खाद्यान्न मिलने लगेगा-अनुराग भदौरिया, जिला खाद्य नियंत्रक,दुर्ग
खाद्य विभाग ने इस वजह से हितग्राहियों के नाम काटे
⦁ राशन कार्ड डबल - 2
⦁ अन्यत्र निवास - 2242
⦁ अविवाहित - 4
⦁ चार/तीन पहिया वाहन होने पर - 5
⦁ परिवार के मुखिया की मृत्यु - 2611
⦁ परिवार का पलायन - 2226
⦁ मकान/ भूखंड निर्धारित सीमा से अधिक - 482
⦁ मुखिया की परित्यक्ता - 31
⦁ मृत्यु एवं आश्रित के नाम जारी - 341
⦁ मासिक आय निर्धारित सीमा से अधिक - 42
⦁ राशन कार्ड जारी करने के पात्रता के आधार की पुष्टि रही - 170
⦁ शासकीय कर्मचारी - 18
⦁ सत्यापन में निवास पर नहीं होने वाले परिवार - 1461
⦁ संयुक्त परिवार - 51
⦁ हितग्राही द्वारा एपीएल से बीपीएल में परिवर्तन - 6187
⦁ कुल टोटल - 15872

