ETV Bharat / state

PUC खत्म तो सफर बंद! दिल्ली में फ्यूल देने से पहले सर्टिफिकेट जरूरी, जगह-जगह गाड़ियों की चेकिंग

दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए "नो पीयूसी, नो फ्यूल" (No PUC, No Fuel) नियम लागू हो गया है.

पर्यावरण मंत्री सिरसा ने किया 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' ऑर्डर के तहत कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण
पर्यावरण मंत्री सिरसा ने किया 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' ऑर्डर के तहत कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण (पर्यावरण मंत्री सिरसा एक्स हैंडल)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : December 18, 2025 at 1:50 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की मार लगातार जारी है. क्या आम क्या खास सभी लोगों को जहरीली हवा में सांस लेना पड़ रहा है. हालांकि, रेखा सरकार इसको लेकर काफी अलर्ट है, बावजूद इसके प्रदूषण की समस्या राष्ट्रीय राजधानी में बरकरार है. अब दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए गुरुवार "नो पीयूसी, नो फ्यूल" (No PUC, No Fuel) नियम को लागू कर दिया है.

नए निर्देशों के मुताबिक, अब राजधानी में बिना वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट वाले किसी भी वाहन को पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं दिया जाएगा. यह नियम पूरे दिल्ली में प्रभावी हो चुका है. आदेश लागू होते ही अधिकतर पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों से ईंधन भरवाने से पहले PUC सर्टिफिकेट दिखाने को कहा जा रहा है. कई पंपों पर इस संबंध में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं.

वहीं, कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी निगरानी कर रहे हैं. सरकार की आर से ये भी बताया कि इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है. डीटीसी बसों के संचालन से जुड़े कुछ कर्मचारियों को भी पेट्रोल पंपों पर निगरानी के लिए लगाया गया है.

दिल्ली में फ्यूल देने से पहले सर्टिफिकेट जरूरी (ETV Bharat)

पर्यावरण मंत्री सिरसा ने इसी क्रम में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' ऑर्डर का पालन सुनिश्चित करने के लिए कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा, "मैंने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से पेट्रोल पंपों का रिव्यू करना शुरू किया है. पूरे NCR क्षेत्र को मिलकर इस (प्रदूषण) से लड़ना होगा. हरियाणा ट्रैफिक पुलिस ने भी अपने इलाके में एक चेक पोस्ट लगाया है. अगले सात दिनों में मौसम खराब रहने की उम्मीद है, लेकिन हमारा मकसद AQI को कम करना है. यह जागरूकता अभियान जारी रहेगा. मुझे पता चला है कि कई प्राइवेट ऑर्गनाइज़ेशन 50% वर्क फ्रॉम होम के नियम का पालन नहीं कर रहे हैं; उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी."

''मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार प्रदूषण के खिलाफ़ सख्त से सख्त कदम उठा रही है. नियमों का कड़ाई से पालन करवाने के लिए सम्बंधित एजेंसियों की संयुक्त टीमें तैनात की हुई है. मेरा सभी दिल्लीवासियों से विनम्र आग्रह है कि प्रदूषण के विरुद्ध इस महाअभियान में अपना सहयोग दें. यदि आपका PUCC सर्टिफिकेट नहीं बना है, तो उसे तुरंत बनवाएं. हम सबके छोटे-छोटे प्रयास ही दिल्ली को एक स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य देंगे.''- मनजिंदर सिंह सिरसा, पर्यावरण मंत्री

पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनाने वाले निखिल ने बताया कि आज सुबह 9 बजे उन्होंने अपना पॉल्यूशन सेंटर खोला और सुबह 11 बजे तक करीब 35 PUC सर्टिफिकेट बन चुके हैं. उन्होंने कहा, “आमतौर पर जितने सर्टिफिकेट पूरे दिन में बनते हैं, उतने सिर्फ दो घंटे में बन गए हैं. पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की वजह से लोगों की लाइन लगातार बढ़ती जा रही है.”

वहीं, पेट्रोल लेने आए अनुराग, जो लोनी के निवासी हैं, ने बताया कि उनका PUC सर्टिफिकेट मई 2025 में एक्सपायर हो चुका था. पेट्रोल पंप पर जांच के दौरान यह सामने आया, जिसके बाद उन्हें ईंधन देने से मना कर दिया गया. इसी तरह सतीश नामक एक अन्य वाहन चालक ने बताया कि उनका PUC खत्म था और उन्होंने कर्मचारियों से पहले पेट्रोल देने का आग्रह किया, लेकिन साफ मना कर दिया गया. उन्हें पहले PUC सर्टिफिकेट बनवाने के लिए कहा गया है.

बता दें कि दिल्ली सरकार ने यह व्यवस्था 18 दिसंबर लागू कर दी है, लेकिन फिलहाल जांच मैनुअल तरीके से की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, 19 तारीख से कर्मचारियों को एक मोबाइल एप्लिकेशन उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे वाहन नंबर डालकर तुरंत PUC की स्थिति जांच सकेंगे. अभी के लिए वाहन चालकों से मौखिक पूछताछ कर सर्टिफिकेट दिखाने को कहा जा रहा है.

ये भी पढ़ें:

  1. फिर घने कोहरे की चपेट में दिल्ली-NCR, मौसम विभाग ने दिया इस वीकेंड जबरदस्त ठंड और FOG का अलर्ट
  2. BS-IV से पुरानी गाड़ियों पर होगी कार्रवाई, वायु प्रदूषण पर SC ने आदेश में किया बदलाव
  3. 'दिल्ली में प्रदूषण को लेकर रेखा सरकार और सख्त...', ट्रैफिक और गड्ढों पर रहेगा विशेष फोकस
  4. दिल्ली में प्रदूषण को लेकर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मांगी माफी, आप और कांग्रेस पर साधा निशाना
  5. दिल्ली में प्रदूषण को लेकर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मांगी माफी, आप और कांग्रेस पर साधा निशाना
  6. दिल्ली में वाहनों पर सख्ती, बिना PUC सर्टिफिकेट वाले वाहनों को पेट्रोल नहीं देने का ऐलान
  7. दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ जंग जारी! रेखा सरकार ने दो हाई-लेवल कमेटी का किया गठन, जानिए पूरा मेगा प्लान
  8. दिल्ली में वायु प्रदूषण पर सियासी घमासान, राहुल गांधी के सवाल पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का पलटवार