देश में जल्द मिलने लगेगा नई किस्म का पेट्रोल, वाहनों के इंजन बदलेंगे, एथेनॉल पर दौड़ेंगे
इंदौर के ऑटोमोबाइल इंजीनियर ने बताई भविष्य के ईधन की पूरी कहानी, विदेशी निर्भरता भी होगी खत्म. बनेंगे एथेनॉल इंजन

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 2:54 PM IST
|Updated : May 2, 2026 at 3:40 PM IST
इंदौर : भारत में कच्चे तेल का उत्पादन नहीं होने के कारण घरेलू खपत का 85 से 90% कच्चा तेल रूस या ईरान समेत अन्य देशों से आयात करता है. ऐसे में देश में सालाना लगभग 23 करोड़ टन कच्चे तेल के उपयोग को कम करने के साथ ही कच्चे तेल से विदेशी निर्भरता हटाने के लिए भारत सरकार पेट्रोल में 20% एथेनॉल के स्थान पर 85% ब्लैंडेड इथेनॉल का उपयोग करेगी.
85 से 100 प्रतिशत एथेनॉल वाला होगा ईधन
ब्लैंडेड इथेनाॉल के लिए 27 अप्रैल को सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय द्वारा एक प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस प्रस्ताव के तहत जल्द ही सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल 1989 में बदलाव कर e85 या e100 श्रेणी के ईंधन के लिए नए सिरे से व्हीकल स्टैंडर्ड निर्धारित करने की बात कही गई है. जो प्रस्ताव तैयार किया गया है, उसमें 85 से 100% एथेनॉल वाले पेट्रोल की नई कैटिगरी निर्धारित करने का भी प्रस्ताव है.

इस नाम से जाना जाएगा नया पेट्रोल
इसके तहत अब पेट्रोल की पहचान e10 या e20 के स्थान पर e85 और e100 होगी. इसके अलावा बायोडीजल को भी b10 और b 100 तक अपडेट करने की तैयारी है. गौरतलब है कि देश में फिलहाल पेट्रोल में e20 का टारगेट पूरा कर लिया गया है, जिसके तहत 1 लीटर पेट्रोल जिसमे इथेनॉल फिलहाल 20 प्रतिशत मिश्रित होता है जिसे अब 20 से बढ़ाकर 85 से 100% तक करने पर सरकार फोकस कर रही है.
नितिन गडकरी ने दे दिए हैं साफ संकेत
केंद्रीय सड़क परिवहन राज मार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था, '' आने वाले समय में परंपरागत ईंधन जैसे पेट्रोल डीजल पर चलने वाली गाड़ियों का कोई भविष्य नहीं है, इसलिए ऑटोमोबाइल सेक्टर को आप जल्द से जल्द बायोफ्यूल या अन्य वैकल्पिक फ्यूल पर शिफ्ट होना होगा क्योंकि पेट्रोल और डीजल इतने महंगे हैं कि यह देश के लिए एक गंभीर समस्या बनते जा रहे हैं.''
यह भी पढ़ें-
- मुस्लिम पक्ष की दलील- पुस्तकों से साबित है धार भोजशाला में मंदिर का अस्तित्व नहीं, मस्जिद थी
- ट्रेनों में कूलिंग बनाने रेलवे हुआ सख्त, पर्दे में रहेंगे AC कोच के यात्री, शिकायत के लिए वार रूम एक्टिव
गाड़ियों और इंजन में भी होगा बदलाव
इंदौर के ऑटोमोबाइल इंजीनियर और एक्रोपोलिस के एचओडी डॉ. हेमंत मरमट ने कहा, '' वर्तमान परिदृष्य में हमारी कच्चे तेल को लेकर जो विदेशों पर निर्भरता है, उसे लेकर सरकार ने सही कदम उठाया है कि एथेनॉल पर शिफ्ट किया जाए. भविष्य में पेट्रोल के स्थान पर बायोफ्यूल और एथेनॉल के कारण गाड़ियों के इंजन में भी बदलाव होगा जिससे वे इथेनॉल ब्लैंड फ्यूल पर सही तरीके से चल सकें. यह बदलाव भी धीरे-धीरे और चरणबद्ध तरीके से ही होगा, इसके लिए 20% एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के अलावा अब 25% 27% 85% और 100% एथेनॉल वाला हाइ ब्लैंड फ्यूल पेट्रोल पंपों पर विकल्प के रूप में रखा जाएगा, जो अपग्रेड की गई गाड़ियों के लिए उपलब्ध होगा. गाड़ियों के इंजन भारी होने के कारण ग्रॉस व्हीकल वेट भी अब 3000 किलोग्राम से बढ़कर 3500 किलोग्राम करने का प्रस्ताव है.''

