23 जून से टोल पर नहीं लगेगा ब्रेक, गाड़ी दौड़ेगी और अपने आप कट जाएगा Toll Tax
23 जून से घरौंडा-बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर हाईटेक MLFF सिस्टम काम करने लगेगा. टोल चुकाने के लिए वाहनों को नहीं रुकना पड़ेगा.

Published : June 20, 2026 at 8:21 PM IST
करनाल : राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है. अब घरौंडा-बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर टोल चुकाने के लिए न तो लाइन में लगना पड़ेगा और न ही बैरियर के सामने रुकना होगा. 23 जून से यहां अत्याधुनिक मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिसके तहत वाहन चलते-चलते ही टोल शुल्क स्वतः कट जाएगा. इस नई तकनीक से सफर पहले से अधिक तेज, आसान और सुविधाजनक बनने जा रहा है.

कैमरों और सेंसर की निगरानी में होगी टोल वसूली: नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर 32 अत्याधुनिक कैमरे और आधुनिक सेंसर लगाए गए हैं. ये कैमरे वाहन पर लगे फास्टैग और नंबर प्लेट को स्कैन करेंगे. जैसे ही वाहन टोल क्षेत्र से गुजरेगा, सिस्टम उसकी पहचान कर संबंधित खाते से टोल राशि स्वतः काट लेगा. पूरी प्रक्रिया में वाहन को कहीं भी रुकने की आवश्यकता नहीं होगी.
क्या है MLFF तकनीक, जो बदल देगी टोलिंग का तरीका: एमएलएफएफ यानी मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम टोल वसूली की एक आधुनिक तकनीक है. इसमें पारंपरिक टोल बूथ और बैरियर की जरूरत नहीं पड़ती. सड़क के ऊपर लगे हाईटेक कैमरे और RFID रीडर वाहन की जानकारी पढ़कर टोल शुल्क वसूल लेते हैं. इससे यातायात निर्बाध बना रहता है और वाहनों की गति प्रभावित नहीं होती है.

लंबी कतारों से मिलेगी राहत, समय और ईंधन की होगी बचत: अक्सर टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है. MLFF सिस्टम लागू होने के बाद वाहन बिना रुके गुजरेंगे, जिससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी. साथ ही पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और प्रदूषण का स्तर भी घटेगा. यात्रियों को अधिक सुगम और तेज सफर का अनुभव मिलेगा.

फास्टैग नहीं तो मिलेगा ई-नोटिस, बाद में देना होगा दोगुना टोल: टोल प्रबंधन के अनुसार यदि किसी वाहन पर फास्टैग नहीं होगा या नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई होगी तो ऐसे वाहन मालिकों को ई-नोटिस जारी किया जाएगा. नोटिस मिलने के बाद 72 घंटे के भीतर निर्धारित राशि जमा नहीं कराने पर दोगुना टोल वसूला जाएगा. इसलिए वाहन चालकों को फास्टैग सक्रिय और रिचार्ज रखने की सलाह दी गई है.
VIP या पुलिस वाहन को भी नहीं मिलेगी विशेष छूट: नई व्यवस्था में केवल केंद्र सरकार द्वारा अधिकृत श्रेणी के वाहनों को ही छूट मिलेगी. पुलिस वाहनों या वीआईपी श्रेणी के वाहनों को सामान्य रूप से टोल देना होगा. इससे टोलिंग व्यवस्था और अधिक पारदर्शी और समान होगी.

देश के चुनिंदा टोल प्लाजाओं में शामिल हुआ बस्ताड़ा: घरौंडा (बस्ताड़ा) टोल प्लाजा अब देश के उन चुनिंदा टोल प्लाजाओं में शामिल हो गया है जहां राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा एमएलएफएफ तकनीक लागू की जा रही है. इसे देश में भविष्य की स्मार्ट और बाधारहित टोलिंग व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

