साईं मंदिर में लूट का अब तक सुराग नहीं, सोने और चांदी समेत डीवीआर ले गए हैं लुटेरे
भिलाई के सेक्टर 6 साईं मंदिर में लूट का अब तक सुराग नहीं लग सका है.पुलिस की टीम लुटेरों का पता लगाने में जुटी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 27, 2026 at 6:32 PM IST
दुर्ग : दुर्ग जिले के सेक्टर-6 स्थित साई मंदिर में हुई सनसनीखेज लूट की घटना को 30 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है. लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं. बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच चार नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. दरअसल आरोपियों ने पहले सेक्टर-5 क्षेत्र से एक बाइक चोरी की और उसी का इस्तेमाल कर मंदिर पहुंचे.
कैसे हुई थी साईं मंदिर में लूट ?
बदमाश पीछे के रास्ते से मंदिर परिसर में दाखिल हुए. वहां कुर्सी पर बैठे चौकीदार को बंधक बनाकर उसकी आंखों पर पट्टी बांधी, मुंह में कपड़ा ठूंसा और रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद आरोपियों ने मंदिर में तोड़फोड़ की, सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और डीवीआर साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके.
एसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर 11 सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसमें क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. गार्ड और ट्रस्ट के लोगों से पूछताछ के साथ टेक्निकल एविडेंस के आधार पर विवेचना की जा रही है.- सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी
कैमरे की जद में भी नहीं आए हैं आरोपी
मंदिर से करीब 35 किलो चांदी और 35 ग्राम सोने के जेवर ले जाने की बात सामने आई, हालांकि पुलिस के अनुसार 8 से 10 किलो के आसपास चांदी-सोना ले जाया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई.आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन कई जगह आरोपियों की तस्वीरें धुंधली मिली या वे कैमरे की जद से बाहर दिखे.व्यस्ततम इलाके में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत है.अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है.
अंबिकापुर में पीलिया हुआ कंट्रोल, वाटर रिपोर्ट आई क्लीन , प्रशासन का दावा मौतों की वजह कुछ और

