नानी के निधन पर भावुक निशांत ने किया खास वादा, नीतीश कुमार भी दिखे इमोशनल
नीतीश कुमार की सास और निशांत की नानी विद्यावती देवी का निधन हो गया है. निशांत ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया है.

Published : December 20, 2025 at 12:29 PM IST
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित बांस घाट पहुंच कर अपनी सासू मां को श्रद्धांजलि दी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनके बेटे निशांत कुमार, बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी और जदयू के कई नेता भी बांस घाट पहुंचे और विद्यावती देवी को श्रद्धांजलि दी.
सीएम नीतीश की सास का निधन: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सासू मां विद्यावती देवी लंबे समय से बीमार होने के कारण आईजीआईएमएस में भर्ती थीं. शुक्रवार 19 दिसंबर की शाम 90 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. मुख्यमंत्री का ससुराल पटना के कंकड़बाग के पीसी कॉलोनी इलाके में है.
लंबे समय से थीं बीमार: मुख्यमंत्री अपनी बीमार सासू मां से जाकर मुलाकात भी करते रहते थे और उनका हाल-चाल जानते रहते थे. मुख्यमंत्री के ससुर कृष्णनंदन सिन्हा का निधन 7 साल पहले हो गया था. मुख्यमंत्री के ससुर कृष्णनंदन सिंह हाई स्कूल के शिक्षक थे.
नानी के निधन से भावुक हुए निशांत: निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि प्यारी नानी मां के देहांत की दुखद खबर से मन व्यथित है. वह न केवल एक नानी थीं, बल्कि एक प्यार भरी छांव थीं, जिनकी कहानियां, दुलार और मुस्कान हमेशा दिल में बसी रहेगी.
"आपने (विद्यावती देवी) मुझे प्यार और अच्छाई का पाठ पढ़ाया. मैं वादा करता हूं कि आपकी सीख को कभी नहीं भूलूंगा. आप जहां भी हैं, खुश रहें और हमें आशीर्वाद दें. ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे. विनम्र श्रद्धांजलि...ॐ शांति ॐ शांति ॐ शांति."- निशांत कुमार, नीतीश कुमार के बेटे

बांस घाट में अंतिम संस्कार: सास के निधन की सूचना जैसे ही नीतीश को मिली वह अंतिम दर्शन करने के लिए पटना स्थित बांस घाट पहुंचे. उनके साथ निशांत कुमार भी मौजूद थे. इस दौरान दोनों ने नम आंखों से विद्यावती देवी को आखिरी विदायी दी. एनडीए के कई नेता भी बांस घाट पहुंचे और अंतिम दर्शन किए.
मुख्यमंत्री की पत्नी मंजू सिन्हा भी शिक्षिका थी और उनका निधन 2007 में इलाज के दौरान हो गया था. मुख्यमंत्री के बेटे निशांत का ननिहाल से विशेष लगाव रहा है . निशांत का लंबे समय तक ननिहाल में ही आवास रहा है. अभी भी कई मौके पर निशांत अपने मामा से मिलने जाते दिखते रहे हैं.
ये भी पढ़ें
निशांत राजनीति में आएंगे? संजय झा बोले- 'फैसला तो इन्हीं को करना है'
क्या निशांत कुमार संभालेंगे मुख्यमंत्री पिता नीतीश कुमार की विरासत? CM के भाई ने किया बड़ा ऐलान

