नितिन नबीन जाएंगे राज्यसभा, BJP ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यसभा जाएंगे. पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पढे़ं पूरी खबर..

Published : March 3, 2026 at 3:09 PM IST
|Updated : March 3, 2026 at 3:19 PM IST
पटना: बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन समेत बिहार से दो नामों का ऐलान हुआ है. बीजेपी की ओर से जारी सूची में नितिन नबीन के अलावे शिवेश कुमार राम का भी नाम शामिल है.
बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी: भारतीय जनता पार्टी ने 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार समेत कई राज्यों के उम्मीदवारों की सूची जारी की है. इनमें बिहार से नितिन नबीन और शिवेश कुमार के नाम शामिल हैं. इसके अलावे असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के भी प्रत्याशियों की घोषणा की गई है.
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने विभिन्न प्रदेशों में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/38I3mo5KMb
— BJP (@BJP4India) March 3, 2026
बांकीपुर से विधायक हैं नितिन नबीन: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन फिलहाल पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. 2025 के बिहार चुनाव के बाद जब एनडीए की सरकार बनी थी, तब उनको मंत्री भी बनाया गया था लेकिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.

विधायकी से देना होगा त्यागपत्र: राज्यसभा जाने के बाद अब नितिन नबीन को बांकीपुर से विधायकी छोड़नी होगी. इस वजह से स्थानीय कार्यकर्ता थोड़े भावुक दिखे. हालांक कार्यकर्ताओं का मानना है कि नितिन नबीन जहां भी रहेंगे, अपने इलाके के लोगों और कार्यकर्ताओं की फिक्र जरूर करेंगे.
"जिस तरीके से एक कार्यकर्ता भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है, उसी तरीके से बांकीपुर का भी एक कार्यकर्ता बांकीपुर से विधानसभा चुनाव लड़ेगा. एनडीए ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सहमति बना ली है. थोड़ी देर में सारी तस्वीर साफ हो जाएगी. पांच मार्च को एनडीए के सभी उम्मीदवार राज्यसभा के नॉमिनेशन करेंगे और जीतेंगे."- संजय मयूख, राष्ट्रीय प्रवक्ता, बीजेपी
कौन हैं शिवेश कुमार?: बीजेपी उम्मीदवार शिवेश कुमार राम ने 2024 में सासाराम सीट (सुरक्षित) से लोकसभा चुनाव लड़ा था. हालांकि उनको कांग्रेस कैंडिडेट मनोज कुमार राम के हाथों 19,157 मतों से हार का सामना करना पड़ा था. वह 2010 में भोजपुर जिले की अगियांव सीट से विधायक रह चुके हैं. फिलहाल बीजेपी के प्रदेश महामंत्री हैं.

पिता तीन बार के सांसद: शिवेश राम का पैतृक गांव ज्ञानपुर सेमरिया में है. हालांकि अब उनका परिवार पटना के अंबेडकर कॉलोनी में रहता है. उनके पिता मुनि लाल बीजेपी के सक्रिय सदस्य थे और सासाराम से तीन बार सांसद भी रहे थे.
जेडीयू से निशांत के नाम की चर्चा: बीजेपी की लिस्ट आने के बाद अब नजर जनता दल यूनाइटेड की सूची पर है. एनडीए कोटे की 4 में से 2 सीट जेडीयू के हिस्से में आएगी. इनमें केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के नाम की चर्चा जोरों पर है.
बिहार में 5 सीटों पर राज्यसभा चुनाव: बिहार में 5 सीटों पर राज्यसभा का चुनाव होना है, जिसके लिए 5 मार्च तक नामांकन होगा. 5 में से 4 सीटों पर एनडीए की जीत तय है, जबकि पांचवीं सीट के लिए दोनों गठबंधन में से किसी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है. एआईएमआईएम के 5 और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक के समर्थन से ही 5वीं सीट पर जीत मुमकिन है.
ये भी पढ़ें:
नितिन नबीन जाएंगे राज्यसभा, BJP ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
Explainer: हरिवंश और रामनाथ रिपीट होंगे या कोई और.. JDU से किस नेता को राज्यसभा भेजेंगे नीतीश?
Explainer : राज्यसभा चुनाव में RJD के लिए संख्याबल का गणित और चुनौती?
Explainer: 4 सीटों पर NDA की जीत पक्की, 5वीं के लिए असली फाइट! 'किंगमेकर' ओवैसी किसके साथ?

