ETV Bharat / state

NIT हमीरपुर के स्टूडेंट को मिला 3.40 करोड़ रुपए का पैकेज, रचा इतिहास

एनआईटी हमीरपुर में 3.40 करोड़ रुपये के पैकेज के साथ सत्र 2025-26 की शानदार शुरुआत हुई है.

NIT Hamirpur student Aryan Mittal gets Rs 3 crore 40 lakh package
आर्यन मित्तल को मिला 3.40 करोड़ रुपए का पैकेज (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : October 14, 2025 at 6:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर ने सत्र 2025-2026 के प्लेसमेंट सत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. संस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (दोहरी डिग्री) के छात्र आर्यन मित्तल ने एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी से 3.40 करोड़ रुपये का वार्षिक पैकेज प्राप्त कर देशभर के तकनीकी संस्थानों के बीच एनआईटी हमीरपुर का नाम शीर्ष पंक्ति में दर्ज कर दिया है. यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि छात्रों की वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा को भी दर्शाती है.

लड़कियों में ये रहा सबसे ज्यादा पैकेज

एनआईटी हमीरपुर से मिली जानकारी के मुताबिक आर्यन मित्तल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (दोहरी डिग्री) के छात्र हैं. उन्होंने एक इंटरनेशनल कंपनी में 3.40 करोड़ रुपये का पैकेज हासिल किया है. इससे पहले संस्थान का रिकॉर्ड 2.05 करोड़ का रहा है. वहीं, लड़कियों में कंप्यूटर साइंस की मानसी जोशी ने सबसे ज्यादा 1 करोड़ का पैकेज हासिल किया है. जबकि यथा ग्रोवर और वैशाली ठाकुर ने 68 लाख पैकेज प्राप्त किए हैं. संस्थान के मुताबिक एनआईटी हमीरपुर में औसत पैकेज पिछले रिकार्ड से बढ़कर 15 लाख हो गया है.

कैंपस प्लेसमेंट में शामिल हुई ये कंपनियां

एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने बताया कि इस साल एनआईटी हमीरपुर का प्लेसमेंट सीजन अब तक का सबसे मजबूत साबित हो रहा है. टेस्ला, अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, डीशॉ, लिंक्डइन, सेल्सफोर्स, एनवीडिया, एटलासियन, क्विजिज, वेल्स फार्गो, जेपी मॉर्गन, सैमसंग, डेल टेक्नोलॉजीज, मैथ वर्क्स, मिंत्रा, एक्सेंचर, डॉकसाइन जैसी विश्व-प्रसिद्ध कंपनियां इस सत्र में कैंपस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बनी हैं. इन प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी से एनआईटी हमीरपुर के छात्रों को नए आयाम खोजने में मदद मिलेगी.

"इस सत्र में 15 से ज्यादा छात्रों को 40 लाख रुपये से ज्यादा और 50 छात्रों को 30 लाख रुपये से ज्यादा के पैकेज प्राप्त हुए हैं. ये आंकड़े वर्तमान रोजगार परिदृश्य में एनआईटी हमीरपुर की बढ़ती प्रतिष्ठा और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रमाण हैं." - प्रो. एचएम सूर्यवंशी, निदेशक, एनआईटी हमीरपुर

प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की निरंतर मेहनत, फैकल्टी के मार्गदर्शन और उद्योग जगत के साथ संस्थान के सुदृढ़ संबंधों का परिणाम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले महीनों में और भी उच्च पैकेज ऑफर सामने आएंगे और एनआईटी हमीरपुर प्लेसमेंट के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा. उन्होंने कहा कि एनआईटी हमीरपुर न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर ध्यान दे रहा है, बल्कि नवाचार, अनुसंधान और स्टार्टअप कल्चर को भी प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि छात्र भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हों.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में 1734 करोड़ का निवेश, 5388 को मिलेगा रोजगार, सुक्खू सरकार ने दी इतने प्रोजेक्ट्स को मंजूरी