'व्यवस्था सुधारने के लिए कड़े फैसले लेता हूं, आगे भी लेता रहूंगा', निशांत कुमार की स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी
सीतामढ़ी दौरे से लौटने के बाद निशांत ने कहा कि वो व्यवस्था सुधारने के लिए कड़े फैसले लेते हैं और आगे भी लेते रहेंगे. रिपोर्ट-अविनाश

Published : August 25, 2026 at 2:00 PM IST
पटना: सीतामढ़ी का दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना लौट आए हैं. निशांत ने कई कार्यक्रमों में भाग लिया और अस्पतालों का निरीक्षण भी किया. उसके बारे में भी चर्चा करते हुए निशांत ने कहा कि वो स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार कड़े फैसले ले रहे हैं और आगे भी लेते रहेंगे.
दोनों पहलुओं को समझते हैं निशांत: निशांत कुमार ने कहा कि "जब मैं किसी अस्पताल का निरीक्षण करने जाता हूं, तो मेरा ध्यान सिर्फ खामियों पर नहीं होता. मैं देखता हूं कि मरीजों को कहां परेशानी है और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर काम के लिए किन सुविधाओं की जरूरत है. दोनों पहलुओं को समझना और उन पर काम करना जरूरी है."
बेहतर व्यवस्था के लिये लेते रहेंगे कड़े फैसले: निशांत ने कहा कि व्यवस्था सुधारने के लिए अगर नियम बनाने पड़ें, अनुशासन पर जोर देना पड़े या कड़े फैसले लेने पड़ें, तो वो बिहार की जनता के हित में कड़े फैसले लेते हैं और आगे भी लेते रहेंगे. यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए है.

मरीजों के प्रति संवेदनशील रहे स्वास्थ्यकर्मी: निशांत का कहना है कि वो संस्थागत सुधार पर भरोसा करते हैं और उसी के लिए लगातार काम भी कर रहे हैं. उनका मानना है कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और मरीजों के प्रति संवेदनशील रहे. जहां स्वास्थ्यकर्मियों को संसाधन या सहयोग की जरूरत होगी, वहां वो बिना देरी उनके साथ खड़े होंगे. लेकिन जहां लापरवाही होगी, उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
हर मरीज को बेहतर इलाज का वादा: स्वास्थ्य मंत्री ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से कहा कि आप पूरी निष्ठा और सेवाभाव से अपना काम करें. मरीजों की सेवा आपकी जिम्मेदारी है. आपकी जरूरतों का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है. भरोसा रखें, हम आपके साथ खड़े हैं. हमारी कोशिश है कि हर मरीज बेहतर इलाज और भरोसा लेकर अस्पताल से लौटे और हर स्वास्थ्यकर्मी पूरे मन से अपनी जिम्मेदारी निभा सके.

नीतीश कुमार से निशांत ने लिया आशीर्वाद: पटना लौटने पर निशांत ने पिता नीतीश कुमार से भेंट कर उन्हें बाबा गरीबनाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर और माता जानकी मंदिर, पुनौरा धाम, सीतामढ़ी का प्रसाद दिया. निशांत ने अपने पिता के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से फोटो भी शेयर की है. उन्होंने कहा कि पिता नीतीश कुमार का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ. उनका मार्गदर्शन सदैव जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
ये भी पढ़ें-
Explainer: नीतीश कुमार की विरासत पर किसका हक? उपेंद्र कुशवाहा की दावेदारी JDU को मंजूर नहीं
निशांत कुमार के पहुंचने से पहले डॉक्टर गायब, स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी लिस्ट
सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा या निशांत कुमार? कुशवाहा वोट बैंक के लिए NDA के भीतर सियासी संग्राम!

