'JDU को बचाना है तो निशांत संभालें पार्टी की कमान', नीतीश के करीबी सांसद की मांग
जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने निशांत कुमार को पार्टी की कमान सौंपने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जनता भी यही चाहती है. पढ़ें..

Published : January 1, 2026 at 4:56 PM IST
पटना: बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की एंट्री को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. एक तरह जहां पार्टी के लोग लगातार अपनी इच्छा जता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कार्यकर्ता समर्थन में पोस्टर लगा रहे हैं. अब नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी खुलकर निशांत की पॉलिटिकल लॉन्चिंग की वकालत की है. उन्होंने कहा कि पार्टी को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए निशांत को जिम्मेदारी सौंप देनी चाहिए.
निशांत को राजनीति में आना चाहिए?: इस सवाल पर नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने माना कि निशांत कुमार के लिए डिमांड तो हो रही है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 साल में जो काम किया है, वह पार्टी की पूंजी है. इस बार एनडीए को जो 202 सीटें मिली है, वही हमारी पार्टी की पूंजी है. वैसी हालत में अगर निशांत राजनीति में नहीं आते हैं तो पार्टी कमजोर हो सकती है. गरीब-गुरबा जो नीतीश कुमार को मानने वाले हैं, वह चाहते हैं कि उनका बेटा (निशांत) अब आगे आएं.
क्यों जेडीयू के लिए जरूरी हैं निशांत?: कौशलेंद्र कुमार कहते हैं कि नीतीश कुमार का बेटा होना अलग बात है लेकिन निशांत का काम करने का तरीका और उनका व्यवहार है बहुत अच्छा है. ऐसे में मुझे लगता है कि उनको आगे आना चाहिए. वे कहते हैं कि अगर नीतीश कुमार को अपने बेटे को लाना होता तो पहले ही ले आते. सच तो ये है कि न नीतीश कुमार चाहते हैं ना ही उनका बेटा निशांत कुमार आना चाहते हैं. ये तो हम लोगों का अनुरोध है कि निशांत आएं, क्योंकि उनके आने से पार्टी कमजोर नहीं मजबूत होगी.

जेडीयू में टूट का डर तो नहीं?: कौशलेंद्र कुमार नहीं मानते हैं कि निशांत कुमार के राजनीति में नहीं आने से जेडीयू में टूट हो जाएगी. हालांकि वे ये जरूर कहते हैं कि पार्टी को नुकसान हो सकता है. जेडीयू सांसद कहते हैं कि युवा नेताओं को लोग खोज रहे हैं. निशांत तो युवा भी हैं और पढ़े-लिखे भी. उनके व्यवहार की वजह से भी लोग उन्हें चाहते हैं.

"युवा को तो आना चाहिए ना. वो (निशांत) कोई भी भूमिका में आ जाएं तो पार्टी के लिए अच्छा रहेगा. पार्टी का कमान संभालें, बिहार की जनता चाहती है. आम पब्लिक से सर्वे करिए, जो गांव में रहते हैं, उनसे भी सर्वे करिये. सब यही चाहते हैं कि वह राजनीति में आएं और पार्टी को आगे बढ़ाएं. उनका व्यवहार भी बहुत अच्छा है. दूसरे सीएम हो या भारत सरकार में जो मंत्री हैं, उनके बेटा को देखिए और निशांत के व्यवहार को देखिए, सबसे अच्छे से बात करते हैं. ऐसे लोग कम मिलते हैं."- कौशलेंद्र कुमार, जेडीयू सांसद, नालंदा

क्या निशांत को सीएम बनना चाहिए?: इस सवाल पर नालंदा सांसद ने कहा कि हम ये नहीं कहेंगे कि अभी तुरंत उनको मुख्यमंत्री बना दिया जाए, क्योंकि नीतीश कुमार तो अभी हैं ही लेकिन पार्टी की कमान संभालें. उसके बाद सब कुछ उनको मिलेगा. केवल हमलोग ही नहीं ये बात बोल रहे हैं, बल्कि आम पब्लिक भी यही चाहती है. आप चाहें तो सर्वे कार लीजिए. गांव में रहने वाले लोग से पूछ लीजिए, वे भी यही चाहते हैं.

निशांत को लेकर अटकलें जारी: पिछले कुछ महीनों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लगातार सवाल उठ रहे हैं. पार्टी के कार्यक्रमों में भी उनकी गतिविधियां कम हुई हैं. वह नेता और कार्यकर्ताओं से कम मिल रहे हैं. ऐसे में पार्टी के भविष्य को लेकर नेताओं में चिंता साफ झलक रही है. वहीं हाल के दिनों में निशांत कुमार की एक्टिविटी भी बढ़ी है. विधानसभा चुनाव से पहले भी उनके कई बयान आए थे और विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली जबरदस्त जीत के बाद भी उनके बयान लगातार आ रहे हैं. खासकर नालंदा के इलाके में उनकी गतिविधियां बढ़ी है. कई कार्यक्रमों में भी शामिल हो रहे हैं. ऐसे में चर्चा है कि जल्द ही निशांत की एंट्री राजनीति में हो सकती है.
कौन हैं कौशलेंद्र कुमार?: नालंदा लोकसभा सीट से लगातार चौथी बार सांसद बने कौशलेंद्र कुमार को मुख्यमंत्री का भरोसेमंद माना जाता है. वह 2009 में पहली बार नालंदा से सांसद बने थे. उसके बाद से लगातार नीतीश कुमार ने कौशलेंद्र कुमार पर ही भरोसा जताया है. नीतीश जब 2014 में अकेले चुनाव लड़े तो जेडीयू को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी, उसमें पूर्णिया के साथ नालंदा की सीट भी शामिल थी.
ये भी पढ़ें:
खरमास के बाद निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री! एक साल से इंतजार में हैं JDU के नेता
निशांत राजनीति में आएंगे? संजय झा बोले- 'फैसला तो इन्हीं को करना है'
क्या निशांत कुमार संभालेंगे मुख्यमंत्री पिता नीतीश कुमार की विरासत? CM के भाई ने किया बड़ा ऐलान
'अगले जनरेशन का भविष्य संवारें भाई निशांत कुमार', JDU नेता ने पोस्टर लगाकर नीतीश कुमार से की मांग
'JDU की ड्राइविंग सीट पर बैठें निशांत कुमार', पोस्टर के बाद अब 'निशांत संवाद' कार्यक्रम

