ETV Bharat / state

स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर निशांत कुमार ने संभाली जिम्मेदारी, बोले- ईमानदारी से निभाऊंगा दायित्व

निशांत कुमार ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल लिया है. कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता होगी.

NISHANT KUMAR
निशांत कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 8, 2026 at 8:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल ली. विभाग पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस दौरान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे. पहली बार मंत्री के रूप में विभाग पहुंचे निशांत कुमार ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कार्यों की प्रारंभिक जानकारी ली.

'कामकाज को समझेंगे, सीखेंगे और फिर..' : जिम्मेदारी संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि उन्हें मंत्रिपरिषद में शामिल कर जो भरोसा जताया गया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. निशांत कुमार ने कहा कि अभी वह विभाग में पहले दिन आए हैं. सबसे पहले यहां के कामकाज को समझेंगे, सीखेंगे और फिर जो बेहतर होगा उसे लागू करने का प्रयास करेंगे.

'पिता के कामों को आगे बढ़ाएंगे' : निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को आगे बढ़ाने के लिए लंबे समय तक काम किया है, वह उन्हीं कार्यों को आगे ले जाने की कोशिश करेंगे. 20 वर्षों के शासन में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर हर क्षेत्र में बहुत काम किया है.

''मैं पूरी सच्चाई और ईमानदारी से अपना दायित्व निभाने की कोशिश करूंगा. लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता होगी.''- निशांत कुमार, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता (नीतीश कुमार) ने अपनी 'समृद्धि यात्रा' और ' सात निश्चय-3' के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में जो वादे किए थे, उन्हें जमीन पर उतारने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सीधे तौर पर जनसेवा से जुड़ा हुआ विभाग है और उनकी कोशिश होगी कि आम लोगों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधा मिले.

''अगर किसी योजना को लागू करने में दूसरे विभागों के सहयोग की जरूरत पड़ेगी तो समन्वय बनाकर काम किया जाएगा. पहले विभाग की कार्यप्रणाली को समझेंगे और फिर जरूरत के अनुसार फैसले लेंगे.''- निशांत कुमार, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार

'अभी कई चुनौतियां हैं' : निशांत कुमार ने माना कि स्वास्थ्य क्षेत्र में अभी भी कई चुनौतियां हैं. लोगों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि समस्याओं को समझकर उसके समाधान की दिशा में काम किया जाए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और आम लोगों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी.

ये भी पढ़ें :-

'शिक्षा में बिहार नजीर बनेगा', मंत्री पद संभालते ही बोले मिथिलेश तिवारी- हर विवाद का संवाद से समाधान होगा

'नीतीश कुमार ने जो संकल्प लिया.. उसे पूरा करेंगे', ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताई प्राथमिकता

सिविल इंजीनियर रहे शैलेंद्र बने बिहार के पथ निर्माण मंत्री, बोले- पार्टी की अपेक्षा पर खरा उतरूंगा